फरीदाबाद में 13 साल के बच्चे की हत्या, खेलते समय 15 वर्षीय दोस्त ने छाती में घोंपा चाकू
Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद से बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सेक्टर- 56 में 13 साल के बच्चे की उसी के दोस्त ने हत्या कर दी। 15 साल के किशोर ने बच्चे पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया। परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या है मामला ?
जानकारी के अनुसार सेक्टर-56 में 13 साल का कन्नू अपने परिवार के साथ रहता था। बीते रविवार को वह अपनी छोटी बहन के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान 15 साल का किशोर वहां पहुंचा। कन्नू उसके साथ खेलने लगा। लेकिन खेलते- खेलते उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और फिर धक्का- मुक्की शुरू हो गई।
15 साल के किशोर ने चाकू गोदकर की हत्या
इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता आरोपी ने कन्नू की छाती में चाकू मार दिया। उसने चाकू से हमला करते हुए कन्नू की छाती चीर दी और वारदात के बाद आरोपी चाकू लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं परिजन कन्नू को लेकर अस्पताल पहुंचे। लेकिन डॉक्टरो ने 13 साल के कन्नू को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि आरोपी किशोर अक्सर वहां खेलने के लिए आता था। कन्नू और उसके बीच अच्छी दोस्ती थी। लेकिन आरोपी ने कन्नू की हत्या क्यों की उन्हें नहीं पता। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।