फरीदाबाद में बाउंसर की पीट-पीटकर हत्या; आरोपियों ने कुल्हाड़ी से किया हमला, 24 लोगों पर केस दर्ज
हरियाणा के फरीदाबाद में बाउंसर की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। बाइक से टक्कर मारने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने लोहे की रॉड से पीटा और घर की छतों से पत्थर भी मारें। इस हमले में बाउंसर की मौत हो गई। जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
गांव में अखाड़ा चलाता था मृतक
मामला फरीदाबाद के तिलपत गांव का है। मृतक की पहचान नूंह जिले के गांव बीसरू निवासी 25 वर्षीय वली मोहम्मद के तौर पर हुई है। गांव तिलपत के रहने वाले ताहिर ने बताया कि वली मोहम्मद पेशे से एक बाउंसर था। वह गांव में एक अखाड़ा चालाता था और गावं के बच्चों को कुश्ती सिखाता था। वीरवार की रात को उनके नए घर का प्रोग्राम था। इसी के चलते 4 साल बाद उसका भांजा वली मोहम्मद उनके घर पर आया था।
पड़ोसियों ने किया हमला
देर रात करीब 8 बजे घर पर प्रोग्राम चल रहा था। इसी दौरान उनके पड़ोसी में रहने वाले युवक ने ताहिर के भतीजे को बाइक से टक्कर मार दी। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। झगड़ा बढ़ते देख उनका भांजा वली मोहम्मद और उसका भाई बीच -बचाव के लिए वहां पहुंचा था।
वली के चचेरे भाई साबिर ने बताया कि वली और उसका भाई तैय्यब वहां झगड़े को सुलझाने गए थे। इसी दौरान हमलावरों ने पहले अपने घरों की छतों से ईटें बरसानी शुरू कर दीं। साबिर के अनुसार, आरोपियों ने वली पर लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से भी कई वार किए। 15 मिनट बाद ही वली की तड़प- तड़पकर मौत हो गई। हमले में वली का भाई तैय्यब भी घायल हो गया, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले में 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।