{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रोहतक में शादी के 2 माह बाद 5 महीने की प्रेग्रेंट पत्नी की हत्या, पति ने सौतेली बेटी के सामने वारदात को दिया अंजाम

रोहतक में शादी के 2 माह बाद 5 महीने की प्रेग्रेंट पत्नी की हत्या, पति ने सौतेली बेटी के सामने वारदात को दिया अंजाम
 

Haryana: हरियाणा के रोहतक से बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज दो महीने बाद पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी सौतेली बेटी के सामने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला ?

मिली जानकारी के अनुसार ये घटना रोहतक के बिसाण गांव की है। मृतका की पहचान 29 वर्षीय सुषमा उर्फ लाली पत्नी अनीश के रूप में हुई है। सुषमा और अनीश की दो महीने पहले की कोर्ट मैरिज हुई थी।

पहले पति से हो चुका था तलाक

इस मामले में रोहतक के सैंपल गांव निवासी मृतका के भाई अजीत ने बताया कि सुषमा की ये दूसरी शादी थी। पहले पति से सुषमा का तलाक हो चुका था। पहले पति से उसकी नौ साल की एक बेटी है, जिसे वह अपने साथ ही रख रही थी।

दो महीने पहले शादी, 5 महीने की गर्भवती थी मृतका

सुषमा पिछले 6 साल से अनीश के साथ लिव-इन में रह रही थी। इसके बाद करीब दो महीने पहले ही उन्होनें कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका पांच माह की प्रेग्नेंट भी थी।

खाना खाने के बाद हुआ झगड़ा

मृतका के भाई अजीत के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे अनीश घर पहुंचा, जिसके बाद सुषमा ने उसे खाना दिया। खाना खाने और चाय पीने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

 9 साल की बच्ची के सामने आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम

झगड़ा इतना बढ़ा कि अनीश ने सुषमा की गला घोंटकर हत्या कर दी। अनीश ने अपनी सौतेली बेटी के सामने ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी अनीश मौके से फरार हो गया। इसके बाद सुषमा की बेटी ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी और फिर पड़ोसियों तुरंत पुलिस को सूचना दी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के लिए मृतका की बेटी से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।