{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कैथल में फसली सीजन को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी, एल्यूमीनियम चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार

कैथल में फसली सीजन को लेकर पुलिस ने साइबर ठगी से बचने की एडवाइजरी जारी की है। वहीं सदर पुलिस ने एल्यूमीनियम चोरी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 

कैथल में आज के समय साइबर अपराध चरम पर हैं। साइबर अपराधियों द्वारा आए दिन नए-नए तरीकों से लोगों को ठगा जा रहा है। साइबर अपराध पर रोकथाम लगाने के लिए जागरूक होने की जरूरत है। फसली सीजन में साइबर अपराधी किसानों को चूना लगा सकते हैं। इस संबंध में जिला पुलिस द्वारा आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इस बारे में विस्तृत रूप से बताते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि साइबर ठग फसली सीजन में किसानों को विभिन्न प्रकार का लालच देकर साइबर फ्रॉड करने की फिराक में हैं। एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए आमजन और किसान निम्नलिखित सावधानियां बरतें।

  • आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचाव करें।
  • ओलावृष्टि या अतिवृष्टि की गिरदावरी में अधिक रकबा दिखाने के लालच में ना आएं।
  • किसान सम्मान निधि रुकने के झांसे में अपनी डिटेल शेयर ना करें।
  • फ्री बिजली ट्यूबवेल कनेक्शन के नाम पर डिटेल शेयर ना करें।
  • बिजली बिल ना भरने के कारण कनेक्शन कटने के झांसे में ना आएं।
  • सस्ती खाद और बीज के लालच वाले ऑनलाइन विज्ञापनों से बचें।
  • ऑनलाइन गाय, भैंस व अन्य पशुओं की खरीदारी से बचें।
  • किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचें।
  • किसान फसल बीमा के नाम पर साइबर अपराधियों से बचें।
  • पुरानी कृषि यंत्र ट्रैक्टर, ट्राली व अन्य की सस्ती ऑनलाइन खरीदारी से बचें।
  • घर बैठे फसल को कंपनी द्वारा महंगे दाम पर खरीदने के प्रलोभन में ना आएं।

साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि यदि सावधानियां रखने के उपरांत भी आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हो जाती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा साइबर पोर्टल वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा आप किसी नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर साइबर हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और आप साइबर फ्रॉड से बच सकें।

एल्यूमीनियम फ्रेम चोरी करने के मामले में दो आरोपी काबू

चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गांव बूढ़ाखेड़ा में प्लाट की चारदीवारी फांदकर एल्यूमीनियम फ्रेम चोरी करने के मामले की जांच थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप की अगुवाई में एचसी विनोद कुमार द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित तथा कमल, दोनों निवासी गांव बूढ़ाखेड़ा को काबू किया गया।

कबाड़ी के प्लाट से चोरी हुआ था सामान

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव बूढ़ाखेड़ा निवासी बंशीलाल शिकायत अनुसार वह कबाड़ी का काम करता है तथा गांव में उसके प्लाट में कबाड़ी का खरीदा हुआ सामान रखा रहता है। 1 अक्टूबर को गांव बूढ़ाखेड़ा निवासी मोहित चारदीवारी फांदकर प्लाट के अंदर आया और एल्युमीनियम के फ्रेम चोरी करके ले गया। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 900 ग्राम चोरीशुदा एल्यूमीनियम तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। बरामद बाइक पेहोवा से चोरीशुदा पाई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।