{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कैथल में अवैध असला के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्तौल और कट्टा बरामद

कैथल में अवैध असला रखने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से पिस्तौल और कट्टा बरामद हुआ है।
 

कैथल जिले में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशों के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध देसी कट्टा और 32 बोर का एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद किया गया है।

पहला मामला: कलायत बस अड्डा के पास से संदीप गिरफ्तार

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल के प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एएसआई अनिल कुमार की टीम अपराध और अपराधियों की रोकथाम के संबंध में कलायत बस अड्डा के पास मौजूद थी। सहयोगी सूत्रों से पुलिस टीम को गुप्त जानकारी मिली थी। यह जानकारी मिली थी कि गांव काब्रच्छा जिला जींद निवासी संदीप के पास 315 बोर का अवैध देशी कट्टा है। आरोपी किसी का इंतजार करने के लिए कलायत-मटौर रोड रजबाहा की पटरी पर खड़ा था। सूचना विश्वसनीय होने के कारण पुलिस टीम द्वारा तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी तेजी से चलने लगा और पुलिस टीम ने उसे कुछ दूरी पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान गांव काब्रच्छा जिला जींद निवासी संदीप के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पेंट से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा, एक रौंद और एक खाली खोल बरामद हुआ। इस बारे में थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौके पर पहुंचे एचसी महेंद्रपाल द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरा मामला: अनाज मंडी कलायत के पास से रिम्पल गिरफ्तार

दूसरे मामले में सीआईए कलायत के प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र कुमार की टीम गश्त पड़ताल करते हुए अनाज मंडी कलायत के पास मौजूद थी। सहयोगी सूत्रों से पुलिस टीम को यह गुप्त जानकारी मिली थी। यह सूचना मिली थी कि धारसुल खुर्द टोहाना जिला फतेहबाद निवासी रिम्पल उर्फ रणजीत के पास अवैध असला है। आरोपी गांव हथो से नरवाना नहर पटरी पर मोटरसाइकिल सहित खड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने अपना मोटरसाइकिल वापस मोड़ा और भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान धारसुल खुर्द टोहाना जिला फतेहबाद निवासी रिम्पल उपनाम रणजीत बाल्मीकि मोहल्ला के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पेंट से 32 बोर का अवैध देशी पिस्तौल बरामद किया गया। जांच करने पर पिस्तौल की मैगजीन और बैरल खाली मिले। इस बारे में भी थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।