हिसार में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग
हरियाणा के हिसार में शराब ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार देर रात कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड पर बाइक पर आए तीन बदमाशों ने शराब ठेकेदार और उसके साथी पर फायरिंग की। गोली लगने से शराब ठेकेदार की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका साथी इस हमले में घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है मामला ?
मृतक की पहचान हरिता गांव निवासी 34 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है। वहीं उसका घायल साथी धर्मबीर बयाना खेड़ा का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार नरेश शराब ठेका और क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन चलाता था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज थे।
बीते रविवार देर रात 11:45 बजे नरेश अपने साथी धर्मबीर के साथ क्रिकेट ग्राउंड पर मौजूद था। ग्राउंड पर मैच चल रहा था और 35 से 40 लोग मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने नरेश और उसके साथी धर्मबीर पर फायरिंग कर दी। नरेश के माथे, सीने और हाथ में तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं धर्मबीर बचने के लिए भागा, लेकिन उसे भी तीन गोलियां लगीं और वह घायल हो गया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
इस मामले में आजाद नगर थाने से जांच अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि रात को फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। नरेश की मौत हो चुकी थी, जबकि उसके घायल को धर्मबीर को अन्य लोग अस्पताल ले गए थे। मौके पर 15 से 16 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।