बिहार: मुंगेर में पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या की, वारदात के बाद पुलिस के सामने किया सरेंडर
Munger Murder Case: बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के बीच एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दंपती की दो बेटियां हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।
यह घटना आदर्श थाना जमालपुर क्षेत्र के सदर बाजार फाड़ी के पास की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है। उनकी शादी वर्ष 2015 में दशरथ मंडल के साथ हुई थी। दशरथ मंडल रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे और वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो चुके थे।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, शादी के कुछ वर्षों बाद पूजा देवी और दशरथ मंडल के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। परिवार के लोगों ने कई बार समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि पहले भी एक बार विवाद पुलिस थाने तक पहुंचा था।
मृतका के भाई शुभम कुमार और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया है कि पूजा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के मुताबिक, करीब एक साल पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। उस समय थाने में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
आधी रात को पुलिस ने भाई को दी हत्या की सूचना
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे जमालपुर पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर उसकी हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां पूजा देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी दशरथ मंडल ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूजा देवी और दशरथ मंडल की दो बेटियां हैं। मां की हत्या के बाद दोनों बच्चियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस वारदात से जमालपुर इलाके में भी सनसनी फैल गई है।
जमालपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपी पति ने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद किया है और मामले की जांच जारी है।
##