कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की 131वीं शैक्षणिक परिषद की बैठक संपन्न, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में 131वीं शैक्षणिक परिषद की बैठक मंगलवार को श्रीमद्भगवद्गीता सदन स्थित सीनेट हॉल में आयोजित की गई। इस बैठक में कौशल विकास, शोध, नई शिक्षा नीति और अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों से जुड़े 23 महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, दुधौला, पलवल के बीच हुए समझौता ज्ञापन को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही पब्लिक एशिया, नई दिल्ली तथा टाटा 1एमजी हेल्थकेयर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली के साथ हुए समझौता ज्ञापनों पर भी विचार किया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और शोध प्रणाली पर जोर
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शैक्षणिक एवं शोध व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। बैठक में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कौशल विकास नीति-2026 से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इस नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों में आवश्यक कौशल विकसित करना तथा उन्हें रोजगार एवं बदलती कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। शोध शिक्षा को और सुदृढ़ करने की दिशा में पीएच.डी. अध्यादेश 2024-25 में संशोधन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी बैठक में विचारार्थ रखा गया।
अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों और पाठ्यक्रमों से जुड़े अन्य निर्णय
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) द्वारा प्रायोजित अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम के चौथे वर्ष में अध्ययन जारी रखने से संबंधित नीति पर भी विचार किया गया। परिषद के समक्ष एलएल.एम. द्विवर्षीय पाठ्यक्रम में मौखिक परीक्षा के मूल्यांकन मानदंड में संशोधन से संबंधित प्रस्ताव भी रखा गया। इसके अतिरिक्त स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, पंचकूला को निर्धारित नियमों एवं शर्तों की पूर्ति के अधीन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शोध केंद्र के रूप में मान्यता देने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ पर संगोष्ठी का आयोजन
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चिन्मय मिशन की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सीनेट हॉल में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिन्मय मिशन की 'चिन्मय अमृत यात्रा' कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंची। मुख्य वक्ता स्वामी मित्रानंद जी महाराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता विश्व का ऐसा महान ग्रंथ है, जो प्रत्येक मनुष्य को सफल और सार्थक जीवन जीने का मार्ग दिखाता है। मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव ले. (प्रो.) वीरेंद्र पाल ने भारत की ज्ञान परंपरा और बौद्धिक संपदा का उल्लेख किया।
छात्रा नंदिनी का अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका में शोध पत्र प्रकाशित
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आईआईएचएस की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रथम बैच की छात्रा नंदिनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित एनिमल साइंस जर्नल में शोध पत्र प्रकाशित कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह शोध पत्रिका अमेरिका के प्रमुख जैव-चिकित्सकीय साहित्य संबंधी संदर्भ-सूचीकरण मंच पबमेड में भी सूचीबद्ध है। नंदिनी का शोध पत्र संशोधित जाइमोग्राफी प्रोटोकॉलः कैलपेन सक्रियता के अनुश्रवण की तीव्र एवं संवेदनशील विधि शीर्षक से प्रकाशित हुआ है।