{"vars":{"id": "91925:5179"}}

स्तन में गांठ ही नहीं, ये बदलाव भी हो सकते हैं कैंसर के संकेत!

ब्रेस्ट कैंसर डे 2026 पर जानिए स्तन कैंसर के 7 शुरुआती लक्षण, जांच के तरीके, जोखिम और इलाज की जानकारी। समय पर पहचान क्यों बचा सकती है महिलाओं की जान?
 

इन्टरनेशनल ब्रेस्ट कैंसर डे : 

 गुलाबी रिबन का संदेश ,डर नहीं ? जागरूकता ही इलाज है ! 

सुनील कुमार वाजपेयी शिवम्

हर साल अक्टूबर का महीना पूरी दुनिया में गुलाबी रिबन के नाम होता है। 19 अक्टूबर को विश्व भर में इंटरनेशनल ब्रेस्ट कैंसर डे मनाया जाता है, और पूरा अक्टूबर ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एक ही है , महिलाओं को यह बताना कि ब्रेस्ट कैंसर अब लाइलाज नहीं है, यदि समय पर पकड़ा जाए तो 98 फीसदी महिलाएं पूरी तरह ठीक हो जाती हैं। भारत में हम माता के स्वास्थ्य को परिवार के स्वास्थ्य का आधार मानते हैं। इसलिए यह आलेख हर बहन, बेटी और माता के लिए है। ब्रेस्ट कैंसर क्या है और इतना महत्वपूर्ण क्यों है ? ब्रेस्ट कैंसर तब होता है जब स्तन की कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं और गांठ का रूप ले लेती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया में हर साल 23 लाख से अधिक महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित होती हैं और 6.8 लाख मौतें होती हैं। भारत में स्थिति और भी चिंताजनक है। भारत में हर साल लगभग 2 लाख नई महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर की शिकार होती हैं और लगभग 90 हजार की मृत्यु हो जाती है। कारण - देर से पता चलना। शहरों में 60 फीसदी महिलाएं दूसरी स्टेज में आती हैं, गांवों में 70 फीसदी महिलाएं तीसरी या चौथी स्टेज में आती हैं, जब इलाज बहुत महंगा और कठिन हो जाता है। पिछड़े व सुदूर जैसे क्षेत्रों में तो महिलाएं शर्म के कारण बताती ही नहीं, जब तक दर्द असहनीय न हो जाए। ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों में इन 7 संकेतों को कभी नहीं छिपाएं। पहला गांठ , स्तन में या बगल में बिना दर्द वाली कठोर गांठ जो हिलती नहीं। 80 फीसदी कैंसर गांठ के रूप में ही पता चलता है। दूसरे आकार में बदलाव , एक स्तन का आकार दूसरे से अचानक बड़ा या छोटा होना, या अंदर धंस जाना।

तीसरे त्वचा में बदलाव , संतरे के छिलके जैसी त्वचा, लालपन, सूजन, या घाव जो भर न रहा हो। चौथे निप्पल से स्राव , खून जैसा, पानी जैसा या पीले रंग का स्राव, विशेषकर बिना दबाए निकलना। पांचवें निप्पल अंदर धंसना , जो पहले बाहर था, वह अचानक अंदर चला जाना। छठवें लगातार दर्द , स्तन में या बगल में लगातार दर्द जो माहवारी से संबंधित न हो। आठवें बगल में सूजन , बगल की गिल्टियों में सूजन। याद रखें  दर्द का न होना कैंसर नहीं होने की गारंटी नहीं है। शुरुआती कैंसर में दर्द बिल्कुल नहीं होता। किसी एक कारण से कैंसर नहीं होता, इसमें कई कारण मिलते हैं। जैसे कि  उम्र 40 से अधिक, पर अब 30 साल की महिलाओं में भी तेजी से बढ़ रहा है। परिवार में माँ, बहन, मौसी को ब्रेस्ट या अंडाशय का कैंसर । बीआरसीए1 और बीआरसीए2 जीन में गड़बड़ी। 12 साल से पहले माहवारी आना और 55 साल के बाद बंद होना। कभी गर्भधारण न करना या 30 साल के बाद पहला बच्चा होना। स्तनपान न कराना। मोटापा, विशेषकर रजोनिवृत्ति के बाद। शराब और धूम्रपान। लंबे समय तक हार्मोन की गोलियाँ लेना है। पर सबसे बड़ी बात 70 फीसदी महिलाओं में कोई भी जोखिम कारक नहीं होता, फिर भी कैंसर हो जाता है। इसलिए हर महिला को जांच करानी चाहिए। यह जांच तीन स्तरों की होती है जो हर महिला को करनी चाहिए। पहला स्वयं परीक्षण , हर महीने, 20 साल की उम्र से माहवारी के 7वें से 10वें दिन शीशे के सामने खड़े होकर देखें, हाथ उठाकर देखें, लेटकर पूरे स्तन को उंगलियों से गोल-गोल दबाकर देखें। कोई भी गांठ, गड्ढा, स्राव लगे तो तुरंत डॉक्टर से मिलें। यह 2 मिनट का काम जीवन बचा सकता है। दूसरे डॉक्टर द्वारा परीक्षण , हर साल, 30 साल की उम्र से किसी भी महिला रोग विशेषज्ञ या सर्जन से साल में एक बार जांच। तीसरे मैमोग्राफी , हर साल, 40 साल की उम्र से यह स्तन का एक्स-रे है, जो 2 मिमी की गांठ भी पकड़ लेता है, हाथ से लगने से 2 साल पहले। 40 के बाद हर साल, और परिवार में इतिहास हो तो 35 से ही। अब अधिकतर मेडिकल कॉलेज में  मैमोग्राफी उपलब्ध है, आयुष्मान कार्ड से मुफ्त जांच होती है। पहले लोग सोचते थे कैंसर मतलब पूरा स्तन काटना और मौत। अब ऐसा नहीं है। कई तरीके हैं जैसे सर्जरी, अब 70 फीसदी केस में पूरा स्तन नहीं काटना पड़ता, केवल गांठ निकालते हैं और स्तन को सुंदर बनाए रखते हैं। कीमोथेरेपी, दवाओं से कैंसर कोशिकाओं को मारना। अब नई दवाओं से बाल कम झड़ते हैं, उल्टी कम होती है।रेडियोथेरेपी , सिकाई। हार्मोन थैरेपी और टारगेटेड थैरेपी , बहुत कारगर, गोली के रूप में उपलब्ध है। यदि पहली स्टेज में पता चले तो इलाज का खर्च 2-3 लाख और 95 फीसदी ठीक होने की गारंटी। चौथी स्टेज में खर्च 15-20 लाख और केवल 22 फीसदी संभावना। इसलिए जल्दी पता चलना ही सबसे बड़ा इलाज है। दुनिया में इसको लेकर कुछ मिथक और सच्चाई भी हैं। पहला मिथक है ब्रा पहनने से या डिओडोरेंट से कैंसर होता है। सच्चाई यह कि कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं। दूसरा मिथक कि ब्रेस्ट कैंसर केवल बूढ़ी महिलाओं को होता है। सच्चाई यह कि भारत में 48 फीसदी मरीज 50 साल से कम हैं। तीसरा मिथक यह कि बायोप्सी से कैंसर फैलता है। सच्चाई यह कि बायोप्सी से फैलता नहीं, पता चलता है। बायोप्सी न कराने से फैलता है। चौथा मिथक यह कि स्तन दबाने से कैंसर होता है। सच्चाई यह कि यह बात बिल्कुल गलत है। बात आती है कि हम क्या कर सकते हैं इसमें तो पहली बात शर्म छोड़ो स्तन भी शरीर का अंग है, जैसे आँख, कान। इसके बारे में बात करना शर्म नहीं, समझदारी है। दूसरे पति और बेटे का कर्तव्य यह कि अपनी पत्नी, माँ, बहन को जांच के लिए प्रेरित करें, अकेले न छोड़ें। तीसरे खानपान है, हरी सब्जी, मोटा अनाज, रोज 30 मिनट पैदल चलना, वजन नियंत्रण, 6 महीने तक स्तनपान कराना यह सबसे बड़ी रोकथाम है। चौथे आशा की किरण यह है कि टाटा मेमोरियल मुंबई, BHU, AIIMS दिल्ली में आयुष्मान भारत से इसका मुफ्त इलाज होता है। अंत में यहकि इंटरनेशनल ब्रेस्ट कैंसर डे हमें गुलाबी रिबन पहनने के लिए नहीं, गुलाबी सोच अपनाने के लिए कहता है ,सोच जो कहे कि मेरा शरीर मेरा है, इसकी देखभाल मेरी जिम्मेदारी है। एक माँ स्वस्थ होगी तो पूरा परिवार स्वस्थ होगा। एक महिला यदि समय पर जांच करा ले तो वह अपने बच्चों का भविष्य बचा लेती है। इस अक्टूबर में संकल्प लें कि अपने घर की हर 30 साल से अधिक उम्र की महिला को एक बार स्वयं परीक्षण सिखाएंगे, और 40 से अधिक की महिलाओं को मैमोग्राफी के लिए ले जाएंगे। यही सच्ची पूजा होगी। यदि किसी को गांठ, स्राव या कोई भी लक्षण दिखे तो तुरंत अपने निकट के महिला रोग विशेषज्ञ या जिला अस्पताल में संपर्क करें। किसी भी प्रकार के स्वयं इलाज से बचें और डॉक्टर की सलाह लें।