{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रानी दुर्गावती की शौर्य गाथा: चंदेल मायका और गोंड ससुराल, भारत की वीर मशाल

रानी दुर्गावती के शौर्य और बलिदान पर आधारित विशेष कविता, जिसे कवि संजय एम. तराणेकर ने लिखा है।
 

यह कविता रानी दुर्गावती के जीवन, उनके शौर्य और उनके बलिदान पर आधारित है। इस कविता को संजय एम. तराणेकर (कवि, लेखक व समीक्षक, इन्दौर, मध्य प्रदेश) द्वारा लिखा गया है।

  • ईमेल आईडी: smtpoem@gmail.com
  • लेखक: संजय एम. तराणेकर (कवि, लेखक व समीक्षक)
  • पता: 31, संजय नगर, इन्दौर-452011 (मध्यप्रदेश)
  • मोबाइल नंबर: 98260-25986

चंदेल मायका और गोंड ससुराल

हाँ, वह चंदेलों की बेटी थी, गोंडों की बनी थी बहू, माटी की आन बचाने गई, रण की धधकती धू-धू। जन्म मिला राजमहल में पर मन था जन-जन का, तलवार उठी नाम हुआ भारत के स्वाभिमान का।

दलपत का साथ और नारायण को शिक्षा

दलपत का साथ मिला गढ़-मंडला का मान मिला, शासन की कठिन राह दुर्गावती को सम्मान मिला। नन्हे वीर नारायण को माता ने भी 'शौर्य' सिखाया, 'राज्य, धर्म और स्वाभिमान' का पाठ उसे पढ़ाया।

मुगलों का आक्रमण और वीरांगना का रण

यूं मुगलों की जब सेना आई, धरती काँप उठी थी, पर दुर्गावती की आँखों में ज्वाला तब भी जगी थी। तीर चले, तलवारें चमकीं, रण में गर्जी है वीरांगना, कम ही सैनिक थे, फिर भी न झुकाया सर अपना।

मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्र का मान

शत्रु बड़ा था, सेना भारी, लेकिन हौसला भारी था, 'मातृभूमि की रक्षा' करें उसका पहला कर्तव्य था। विजय-पराजय की बातें, पहले 'राष्ट्र का मान' था, दुर्गावती के जीवन का बस यही महान विधान था।

अमर बलिदान और कुल की शान

चंदेल मायका गर्वित था और गोंड ससुराल निहाल, वे दोनों कुल की शान बनी, भारत की वीर मशाल। आज भी जब इतिहास पुकारे, गूँजता उसका नाम, रानी दुर्गावती 'अमर' रहें, अमर रहे उनका सम्मान!