{"vars":{"id": "91925:5179"}}

142 करोड़ की आबादी के लिए 543 सांसद पर्याप्त नहीं, परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व - विज

 

 

चण्डीगढ, 29 नवंबर- हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने परिसीमन के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिसीमन बदलते समय और जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है तथा यह समय की मांग है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर तथ्यों और देश की वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समर्थन करना चाहिए।


श्री विज आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत मीडिया कर्मियों के द्वारा पूछे सवालों का जवाब दे रहे थे।


उन्होंने यह भी कहा कि देश में यह कोई पहला परिसीमन नहीं होने जा रहा है। इससे पहले भी चार बार परिसीमन हो चुका है। वर्ष 1952 में जब पहला परिसीमन हुआ था, उस समय देश की जनसंख्या लगभग 36 करोड़ थी और एक सांसद को औसतन 7 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करना पड़ता था।


उन्होंने कहा कि आज देश की जनसंख्या बढ़कर लगभग 142 करोड़ हो चुकी है, जबकि लोकसभा की सीटों की संख्या 543 है। ऐसे में एक सांसद पर औसतन लगभग 26 लाख लोगों के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी है। इतनी बड़ी आबादी तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचना और उनकी समस्याओं को समझना किसी भी सांसद के लिए एक बड़ी चुनौती है।


श्री विज ने कहा कि वर्तमान समय की परिस्थितियों और बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए लोकसभा की सीटों में वृद्धि करना आवश्यक है। प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या लगभग 800 से अधिक होने की संभावना है। इससे प्रति सांसद प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों की संख्या घटकर लगभग 17 लाख रह जाएगी। हालांकि यह संख्या भी काफी अधिक है, लेकिन इससे जनप्रतिनिधियों के लिए जनता तक पहुंचना और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना अपेक्षाकृत आसान होगा।


ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज संचार के साधन पहले से कहीं अधिक विकसित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद एक सांसद के लिए लाखों लोगों की अपेक्षाओं और समस्याओं का प्रतिनिधित्व करना आसान नहीं है। परिसीमन बदलते समय और जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। यह समय की मांग है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।


कांग्रेस पर पलटवार करते हुए बोले ऊर्जा मंत्री-वोट चोरी का आरोप लगाने वालों को पहले अपने इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए


सोनिया गांधी की नागरिकता को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आए दिन वोट चोरी का शोर मचाती रहती है, लेकिन जब स्वयं उसके नेताओं से जुड़े ऐसे सवाल उठते हैं तो उन्हें भी जवाब देना चाहिए। यदि यह सिद्ध हो गया तो इनसे बडा चोर कौन हो सकता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने को लेकर जो सवाल उठाए गए हैं, उनकी जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।


श्री विज ने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1946 में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के दौरान 15 प्रांतीय कांग्रेस समितियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल का समर्थन किया था, जबकि जवाहरलाल नेहरू को किसी भी प्रांतीय समिति का समर्थन नहीं मिला और उन्हें जीरो वोट प्राप्त हुआ था। इसके बावजूद महात्मा गांधी के समर्थन के बाद जवाहरलाल नेहरू कांग्रेस अध्यक्ष बने और आगे चलकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री बने। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस के अपने इतिहास में इससे बडी वोट चोरी क्या हो सकती हैं, उस प्रधानमंत्री ने वहीं किया जो एक जीरो वोट प्राप्त करने वाला व्यक्ति कर सकता है।