सुभाष बराला ने मंघेड़ा में सहकारी समिति कार्यालय का उद्घाटन
राज्यसभा सांसद ने किया बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड, मंघेड़ा के नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम का उद्घाटन
टोहाना/कुलां /18 सितंबर2026/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक संस्थागत व्यवस्था नहीं, बल्कि आपसी सहयोग, पारदर्शिता और सामूहिक विकास की मजबूत आधारशिला है।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला शुक्रवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड, मंघेड़ा के नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम का उद्घाटन किया तथा क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणजनों से संवाद भी किया।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम क्षेत्र के किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सहकारी समिति के कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी तथा किसानों को सहकारी व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा किसानों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया जा रहा है। सहकारी संस्थाएं किसानों को सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मजबूत सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों की आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर पूरा करने के साथ-साथ गांवों में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक है कि उन्हें कृषि से जुड़ी सुविधाएं, संसाधन और सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हों। प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां इस दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक किसान सहकारी संस्थाओं से जुड़ें और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कृषि एवं ग्रामीण विकास को नई गति दें।
सुभाष बराला ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय एवं गोदाम क्षेत्र के किसानों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, सुगमता और किसानों की भागीदारी को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ना चाहिए। इससे किसानों का सहकारी संस्थाओं के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद ने क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणजनों के साथ निरंतर संवाद जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। क्षेत्र के विकास और किसानों के हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि “सहकारिता से समृद्धि” का संकल्प किसानों की आर्थिक मजबूती, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्धि, गांवों की मजबूती और सहकारिता के विस्तार के संकल्प के साथ जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ना है। इस अवसर पर एआरसीएस जितेंद्र कौशिक, डीआरसीएस रोहित गुप्ता, जीएम छैलूराम, सरदारी लाल शर्मा, सुखचैन सिंह, मार्किट कमेटी चेयरमैन रामेहर धारसूल, वाईस चेयरमेन लाला हेमराज, मंडल अध्यक्ष विनोद खिचड़, वेद जांगड़ा, रमन मड़िया, बलदेव धारसूल सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।