{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लोकतंत्र की आत्मा पर रिजीम चेंज का भूत डांस”।

SIR और वोट चोरी के आरोपों के बीच रिजीम चेंज की बहस क्यों तेज हुई? चुनाव आयोग, मतदाता सूची, असम NRC और लोकतंत्र की साख से जुड़े सवालों की पूरी पड़ताल पढ़ें।
 

वोट चोरी विवाद: रिजीम चेंज का शोर क्यों उठा?

SIR और वोट चोरी के आरोपों का जवाब नहीं दिया गया। इतने गंभीर आरोप लगे। कई दिनों तक चुप रहने के बाद घुसपैठ से जोड़ा गया जिसका कोई आधार नहीं। गृहमंत्री ने कहा कि राहुल SIR का विरोध कर रहे हैं क्योंकि घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। पिछले साल जून से SIR हो रहा है, गृहमंत्री यहां बता देते कि कितने घुसपैठिए SIR से पहचाने गए हैं। आयोग ही बता देता। बिहार SIR के समय सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर कोई निकला भी तो उसकी जाँच की सक्षम अथॉरिटी गृहमंत्रालय है। गृहमंत्री बता सकते हैं कि ऐसे कितने केस उनके सामने आए हैं। नहीं बता रहे हैं।

इसी तरह असम में कई दशक तक घुसपैठ का भूत नचाया गया। सुप्रीम कोर्ट से भी भूत नचवाया गया। कोर्ट ने NRC का आदेश दिया। डेढ़ हज़ार करोड़ से अधिक की राशि फूंक दी गई। इस प्रक्रिया के दौरान कितने लोग मर गए। NRC की लिस्ट बनी तो लाखों की संख्या में हिन्दू भी निकल गए जिनकी नागरिकता संदिग्ध थी। निकलनी थी क्योंकि किसके पास काग़ज़ होता है। SIR में भी लोग पिछले SIR का सबूत नहीं दे पाए। प्रमाण पत्र के चक्कर में पड़े। अगर विपक्ष ने कोर्ट से लड़कर आधार नहीं जुड़वाया होता तो आधे वोटर बाहर हो गए होते। लौटते हैं असम के NRC पर। बीजेपी ने NRC को तुरंत फेंका। NRC के बाद असम में जो पहला विधान सभा चुनाव हुआ, उसमें NRC का नाम तक लेना बंद कर दिया। फिर से उसी भूत को SIR के नाम से नचाया जा रहा है कि घुसपैठिया पकड़ा जा रहा है।

जंतर मंतर के बाद जेन ज़ी के आंदोलन को दिमाग़ी नक्सल कहा गया लेकिन क्या हुआ? पेपर तो लीक हो ही रहा था। NTA बेकार एजेंसी साबित हुई। परीक्षा में सुधार के लिए नंदन निलेकणी की अध्यक्षता में कमेटी बनानी पड़ी। प्रधान का इस्तीफ़ा तो हुआ ही। मुद्दा भी यही था और आंदोलन पूरी तरह अहिंसक। हिंसा के आरोप पुलिस पर लगे और गृहमंत्री जवाब देने पूरे आख़िरी दिन छोड़ कर मानसून सत्र के दौरान सदन में ही नहीं आए।

SIR से तब भी ध्यान नहीं भटका तो जंतर मंतर हटाने और राजधानी ठप्प करने में उलझाया गया। सारी बहस प्रदर्शन के अधिकार की तरफ चली गई। जानी भी थी। उससे भी ज्ञानेश कुमार का मामला पीछे नहीं गया तो रिजीम चेंज ले आए। ये भी नहीं चलेगा तो परिसीमन है ही। इसे भारत की सभी समस्याओं का इलाज बताया जाएगा। तभी तो संसद सत्र को ख़त्म घोषित नहीं किया गया है।

इधर आयोग कोर्ट जाने से पहले नाम जोड़ने में लगा है। अब किसी भी तरह से नाम जोड़े जा रहे हैं। SIR में नाम जोड़ देने से ही जवाब पूरा होगा नहीं। बिहार और बंगाल में नाम काट कर वोट देने से रोका गया। यह अवैध काम था। इसे सुधारा नहीं जा सकता है। ये अपराध सुप्रीम कोर्ट और आयोग की नाक के नीचे हुआ है। जिस तरह से जनता के डर से नाम जोड़े जा रहे हैं, उसी तरह से पहले भी जोड़े जा सकते थे। जवाब होगा नहीं तभी तो चुप हैं।

जनता के बीच चोरी पकड़ी गई तो बेंच के नीचे कॉपी रख कर जल्दी जल्दी होमवर्क की कॉपी भर रहे हैं ताकि आयोग तक जनता के पहुँचने के पहले दिखा सकें कि किसी का नाम नहीं कटा है। फॉर्म 6 में जो अवैध था, उसे तो ख़त्म कर दिया। फॉर्म 7 भी अब एक आदमी दस से ज़्यादा नहीं भर सकता। पहले तो सैंकड़ों भर रहा था तब कहाँ थे?

27 लाख लोगों से वोट के अधिकार छीने गए। तब कहाँ थे?

अख़बार में ख़बर छपी कि जेन ज़ी का नाम नहीं जोड़ने के लिए SIR के नाम पर SSR बंद है। तो तुरंत दिल्ली में घोषणा कर दी गई और अब पूरे देश में। इसके बाद जो वोटर लिस्ट आएगी उसकी

मशीन से पठनीय कॉपी दी जाएगी। पहले का वोटर लिस्ट तो ख़त्म हो चुका, उसकी कॉपी आयोग ने नहीं दी। पाक साफ होता तो वोटर रोल की मशीन पठनीय कॉपी दे सकता था। राहुल गांधी और दूसरे नेता माँगते रहे। नहीं दिया तो नहीं दिया।

इसलिए रिजीम चेंज लाया गया है। इसके जवाब में बातें कही जा रही हैं। ज्ञानेश कुमार के अपराध को बचाने के लिए असंख्य पुलिस बल उतारा गया। मुद्दा और पब्लिक के बीच पहुंच गया। अब रिजीम चेंज के मुद्दे से ज्ञानेश को बचाया जा रहा है। चुनाव आयुक्त सामने आकर जवाब नहीं दे सकते। जवाब होता तो प्रेस कांफ्रेंस हो जाती। 23 सितंबर से 18 अक्तूबर के बीच दिल्ली में रोज़ प्रेस कांफ्रेंस हुई। केवल चुनाव आयोग की नहीं हुई।

वोट चोरी असली रिजीम चेंज प्रूफ़ काम है। लड़ाई तो इसी की है कि वोट का अधिकार छीना गया ताकि चुनाव में जनता वोट से हरा न सके। अपने ऊपर लगे आरोप का जवाब नहीं है तो विपक्ष की तरफ से आ एक दो बयान के ज़रिए विपक्ष पर हमला किया जा रहा है कि वह रिजीम चेंज करना चाहता है जैसे इसके लिए विपक्ष ने वोट चोरी की हो। हर नेता ने संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन की बात की तो आपने जंतर मंतर को हमेशा के लिए बंद कर दिया। तो ड्रामा से एक वास्तविक मुद्दे का काउंटर तैयार हुआ है लेकिन इससे चुनाव आयोग की साख बहाल नहीं होगी। वोट चोरी लोकतंत्र की हत्या है। उसकी आत्मा पर प्रहार है। अब उस आत्मा को भूत भूत कहा जा रहा है ताकि लोग भाग जाएँ।