79वें संत निरंकारी समागम की सेवाओं का हुआ मंगलमय आगाज, समालखा में 23 से 26 अक्टूबर तक होगा आयोजन
79वें वार्षिक निरंकारी संत समागम की सेवाओं का आज श्रद्धा, समर्पण और सेवाभाव से परिपूर्ण वातावरण में मंगलमय आगाज हुआ। निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन कर-कमलों से सेवा स्थल का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मिशन की कार्यकारिणी समिति, केंद्रीय सेवादल के अधिकारीगण तथा हजारों श्रद्धालु भक्तों ने प्रेम और निष्ठा के साथ सेवा में सहभागिता निभाई।
संत निरंकारी मण्डल की अध्यक्ष आदरणीय राजकुमारी ‘मामी जी’ एवं संत निरंकारी मण्डल के सचिव आदरणीय श्री जोगिन्दर सुखीजा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर निरंकारी Raj Pita Ji का हार्दिक अभिनंदन किया। यह पावन अवसर सेवा को साधना और समर्पण को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।
विविधताओं में एकता का संदेश देता है समागम
विविधताओं से सजे इस संसार में हमारे रूप, भाषाएँ और जीवन-शैलियाँ भले ही अलग हों, किंतु इन बाहरी भिन्नताओं के पीछे बसने वाली चेतना एक ही है। हम सभी इसी परमात्मा की संतान हैं, जिन्हें सतगुरु ने प्रेम के अदृश्य सूत्र में बाँधकर मानवता को एकता का संदेश दिया है। संत निरंकारी मिशन इसी भावना को ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के रूप में जीवन्त कर रहा है, जहाँ प्रेम केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की शैली को दर्शाता है।
संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा में होगा आयोजन
79वां वार्षिक निरंकारी संत समागम परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी Raj Pita Ramit Ji के पावन सान्निध्य में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल, समालखा, हरियाणा में श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस समागम में आत्मिक चेतना और मानव-एकता के संदेश को हृदय में संजोए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भक्त सम्मिलित होंगे।
मानव तन दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनने के लिए मिला है
79वें समागम की सेवाओं के शुभारम्भ अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए निरंकारी Raj Pita Ji ने सतगुरु माता Ji के प्रेम एवं आशीर्वाद को संतों तक पहुंचाते हुए फरमाया कि संत समागम की सेवाओं का यह विशाल स्वरूप असंख्य संतों की निस्वार्थ सेवा, त्याग और समर्पण का परिणाम है। मानव तन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनने के लिए मिला है।
इस वर्ष के समागम का मुख्य विषय ‘जागृति’ है
इस वर्ष संत समागम का शीर्षक ‘जागृति’ है, जो मनुष्य को बाहरी संसार से हटकर अपने भीतर झाँकने और अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानने की प्रेरणा देता है। ‘जागृति’ का अर्थ किसी नई बात का अचानक बोध होना नहीं, बल्कि हर क्षण अपने भीतर सजग और सचेत रहना है।