{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Bhai Dooj 2026: यमुना स्नान का धार्मिक महत्व, क्यों मिलता है अकाल मृत्यु के भय से मुक्ति का वरदान?

भाई दूज का पावन पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक ही नहीं है, बल्कि इसके पीछे मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ी एक पौराणिक मान्यता भी है। हर साल यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है, जिसे 'यम द्वितीया' के नाम से भी जाना जाता है।
 

Bhai Dooj 2026: भाई दूज का पावन पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक ही नहीं है, बल्कि इसके पीछे मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ी एक पौराणिक मान्यता भी है। हर साल यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है, जिसे 'यम द्वितीया' के नाम से भी जाना जाता है।

पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी तिथि पर यमुना जी ने अपने भाई यमराज को अपने घर आमंत्रित कर उनका सत्कार किया था और उन्हें तिलक लगाकर भोजन कराया था। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को तिलक लगाने और उनकी लंबी उम्र की कामना करने की परंपरा चली आ रही है।

इसके अलावा, इस पावन दिन यमुना नदी में स्नान करने का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन यमुना स्नान करने से व्यक्ति को यमराज के भय से मुक्ति मिलती है और अकाल मृत्यु का संकट टल जाता है। आइए जानते हैं कि भाई दूज के दिन यमुना स्नान क्यों इतना फलदायी माना गया है।

यमराज को दिया था बहन यमुना ने निमंत्रण

पौराणिक कथा के मुताबिक, सूर्यदेव और संज्ञा के पुत्र यमराज तथा पुत्री यमुना भाई-बहन थे और दोनों के बीच बहुत प्रेम था। यमुना की इच्छा थी कि उनके भाई यमराज उनके घर आएं और उनके हाथों से भोजन करें। वह कई बार उन्हें निमंत्रण देती थीं , लेकिन यमराज अपनी व्यस्तता की वजह से उनके घर नहीं आ पाते थे। एक दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे।

भाई को देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं और उनका आदर-सत्कार किया, तिलक लगाया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया। बहन के इस स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो भाई यम द्वितीया के दिन बहन के भर भोजन करेगा उसके जीवन से अकाल मृत्यु का भय दूर होगा।

यमराज से बहन यमुना ने मांगा यह वरदान

यमुना ने भाई यमराज से एक और वरदान यह भी लिया कि जो भी व्यक्ति भाई दूज के दिन यमुना नदी में स्नान करेगा उसको कभी भी यम का भय नहीं सताएगा। यही नहीं उसके जीवन से अकाल मृत्यु का भय भी दूर होगा। उसी समय से यम द्वितीया के दिन यमुना नदी में जो भी व्यक्ति स्नान करता है उसके जीवन से किसी भी तरह का यमराज का भय मिट जाता है।

ऐसा व्यक्ति बहुत ज्यादा निडर हो जाता है और मृत्यु से भी नहीं डरता है। यही नहीं, इस दिन यमुना नदी में स्नान करने वाले के जीवन में कभी भी परेशानियां नहीं आती है और समृद्धि बनी रहती है।

इसी धार्मिक मान्यता और यम और यमुना के इस अटूट बंधन से प्राप्त वरदान का फल पाने के लिए आज भी यमुना घाट में भाई दूज के दिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और बहनें अपने भाइयों के लिए अकाल मृत्यु का भय दूर करने के साथ उनकी दीर्घायु की कामना करती हैं।