भाई दूज 2026: तिलक करते समय किस दिशा में बैठें भाई-बहन? जानें सही दिशा और वास्तु के नियम
भाई दूज 2026: गोवर्धन पूजा के ठीक अगले दिन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज (यम द्वितीया) का पावन पर्व मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन यमुना जी ने अपने भाई यमराज को आदरपूर्वक घर बुलाकर उनका तिलक किया था।
इसके बदले में यमराज ने यमुना जी को सौभाग्य और सभी भाइयों को दीर्घायु का वरदान दिया था। शास्त्रों में भाई दूज की पूजा से जुड़े कई विशेष नियमों का उल्लेख मिलता है। ऐसी मान्यता है कि सही दिशा में बैठकर भाई का तिलक करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि बढ़ती है और शुभ फल प्राप्त होते हैं। आइए जानते हैं कि भाई दूज पर तिलक करते समय भाई और बहन का मुख किस दिशा में होना चाहिए:
किस दिशा में होना चाहिए भाई का मुख?
वास्तु शास्त्र और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तिलक करवाते समय भाई का मुख उत्तर या उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर होना चाहिए। उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत माना जाता है। मान्यता है कि इस दिशा की ओर मुख करके तिलक करवाने से भाई को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और आर्थिक उन्नति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
बहन का मुख किस दिशा में हो?
भाई का मुख उत्तर या उत्तर-पूर्व में होने पर तिलक करते समय बहन का मुख पूर्व या उत्तर-पूर्व की ओर रहना शुभ माना जाता है। पूजा-पाठ के दौरान पूर्व दिशा को देव दिशा माना गया है, जिससे कार्य सफल होते हैं।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
भाई को कभी भी दक्षिण दिशा की ओर मुख करके न बैठाएं, क्योंकि इसे यम की दिशा माना गया है और शुभ कार्यों में इस दिशा की ओर मुख करना वर्जित है।
भाई को सीधे फर्श या जमीन पर न बैठाएं; हमेशा लकड़ी की चौकी या कुशा के शुद्ध आसन पर ही बैठाकर तिलक करना चाहिए।
तिलक करने से पहले भाई के सिर पर रुमाल या कोई स्वच्छ कपड़ा अवश्य रखें।
कब है भाई दूज 2026 ?
कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत- 10 नवंबर को दोपहर 02 बजे
कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का समापन- 11 नवंबर को दोपहर 03 बजकर 53 मिनट पर
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस बार भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा।
भाई दूज के दिन तिलक करने का मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 10 मिनट से 03 बजकर 20 मिनट तक है।