Dhanteras 2026: आज है धनतेरस, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और इस पर्व का खास महत्व
Dhanteras 2026 Date and Time: दीवाली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत धनतेरस से होती है। हिंदू धर्म में धनतेरस का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है, जिसे 'धनत्रयोदशी' के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की पूजा-अर्चना की जाती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अपने हाथों में अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन को 'धन्वंतरि जयंती' के रूप में भी मनाया जाता है।
धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी करना बेहद मंगलकारी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी और विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-वैभव का वास होता है। साथ ही, इस दिन शाम के समय घर के मुख्य द्वार पर दीये जलाने और यमराज के निमित्त 'दीपदान' करने की भी परंपरा है।
आइए जानते हैं साल 2026 में धनतेरस की सही तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त और इस पावन पर्व का महत्व।धनतेरस 2026 कब है?
साल 2026 में धनतेरस का त्योहार शुक्रवार, 6 नवंबर यानी आज मनाया जाएगा। यह पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। धनतेरस के साथ ही कई घरों में दीपावली की तैयारियां पूरी हो चुकी है।
धनतेरस 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर प्रदोष काल में मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करना शुभ माना जाता है। नई दिल्ली के लिए उपलब्ध गणना के मुताबिक पूजा का समय शाम 6:02 बजे से रात 7:57 बजे तक है। वहीं पूजा का मुहूर्त अलग-अलग शहरों में बदल सकता है। इसलिए लखनऊ, दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों के श्रद्धालुओं को अपने स्थानीय पंचांग के अनुसार समय की पुष्टि करनी चाहिए।
धनतेरस पर किन देवी-देवताओं की पूजा होती है?
धनतेरस के दिन मुख्य रूप से तीन देवताओं की पूजा का विशेष महत्व है।
भगवान धन्वंतरि: इन्हें आयुर्वेद और आरोग्य का देवता माना जाता है। उनकी पूजा स्वास्थ्य और निरोगी जीवन की कामना से की जाती है।
मां लक्ष्मी: धन, वैभव, सुख और समृद्धि की देवी के रूप में मां लक्ष्मी की आराधना की जाती है।
भगवान कुबेर: इन्हें धन और खजाने का अधिपति माना जाता है। भक्त आर्थिक स्थिरता और समृद्धि की कामना से इनकी पूजा करते हैं।
धनतेरस पर क्या करें?
इस दिन सुबह घर और पूजा स्थल की सफाई करें।
शाम को दीपक जलाकर मां लक्ष्मी, भगवान गणेश, भगवान धन्वंतरि और कुबेर की पूजा करें।
अपनी परंपरा के अनुसार फूल, अक्षत, कुमकुम, फल और मिठाई अर्पित करें।
कई परिवार इस दिन सोना, चांदी, बर्तन या घर के उपयोग की दूसरी शुभ वस्तुएं खरीदते हैं।
धनतेरस का धार्मिक महत्व
धनतेरस केवल धन-संपत्ति की कामना का पर्व नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, कृतज्ञता और अच्छे जीवन की शुरुआत का भी प्रतीक माना जाता है। भगवान धन्वंतरि की पूजा हमें प्रेरित करती है कि हमें अपने स्वस्थ्य का ख्याल जरूर रखना चाहिए है, वहीं दूसरी तरफ मां लक्ष्मी और कुबेर की आराधना समृद्धि और संसाधनों के सदुपयोग की प्रेरणा देती है।