Wedding Season 2026: 20 नवंबर से फिर बजेगी शहनाई! इस साल शादी के लिए बचे सिर्फ 16 दिन, 2027 में 26 साल बाद बनेगा रिकॉर्ड
Wedding Season 2026: चार महीने के लंबे अंतराल के बाद अब शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी से शादी की शहनाइयां एक बार फिर गूंजने लगेंगी। इस वर्ष विवाह और सगाई जैसे मांगलिक कार्यों के लिए केवल 12 दिसंबर तक ही शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहेंगे।
हालांकि, 20 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच की इस 23 दिनों की अवधि में शादी के लिए कुल 16 शुभ दिन ही पड़ रहे हैं। इसके बाद मंगलवार, 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण अगले एक महीने तक विवाह और अन्य शुभ कार्यों पर विराम लग जाएगा।
2027 में शादियों के लिए कुल 96 दिन मुहूर्त
इसके बाद शादी मुहूर्त 2027 में 18 जनवरी से फिर से शुरू हो जाएंगे। नए साल में जनवरी से लेकर दिसंबर तक कुल 96 दिन ही मुहूर्त रहेंगे।
विवाह के लिए ये पिछले 26 सालों में सबसे ज्यादा मुहूर्त वाला साल होने वाला है। इससे पहले साल 2019 में करीब 94 दिन विवाह मुहूर्त थे। जबकि इस साल सिर्फ 59 दिन ही शादी के लिए योग्य मुहूर्त वाले दिन हैं।
इसकी वजह थी कि जनवरी माह में एक भी विवाह मुहूर्त नहीं था। शुक्र तारा अस्त होने के कारण मुहूर्त शुरू ही 5 फरवरी से हुए थे। साल 2027 में फरवरी माह में सबसे ज्यादा 17 दिन विवाह की शहनाइयां बजने वाली हैं।
4 महीने के बाद बजेंगी शहनाइयां
हिंदू पंचांग के आधार पर इस साल 2026 में जुलाई में चातुर्मास शुरू होने पर देवशयनी एकादशी से शादी पर ब्रेक लग गए थे। अब चार महीने के लंबे समय के बाद एक बार फिर विवाह मुहूर्त 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से शुरू होने जा रहे हैं।
इस साल का आखिरी विवाह मुहूर्त 12 दिसंबर को रहेगा। आने वाले 15 दिसंबर से लेकर 14 जनवरी 2027 तक खरमास का प्रभाव रहने के कारण विवाह नहीं होंगे।
2026 में किन तारीखों पर होंगी शादियां?
नवंबर 2026- 20, 21, 24, 25, 26 और 30 नवंबर यानी इस महीने शादी के लिए कुल 06 दिन ही शुभ रहने वाले हैं।
दिसंबर 2026- 1 से लेकर 6, 9, 10, 11 और 12 दिन यानी दिसंबर में शादी करने के लिए कुल 10 दिन शुभ रहने वाले हैं।
20 नवंबर से लेकर 12 दिसंबर तक, कुल 23 दिनों में शादी के लिए 16 दिन विवाह मुहूर्त रहने वाले हैं।
अगले साल 2027 में शादियों के लिए मुहूर्त
2027 में शादियों का सिलसिला 18 जनवरी से शुरू होकर 12 जुलाई तक रहने वाला है। इस दौरान अलग-अलग तिथियों पर शादी के लिए शुभ मुहूर्त रहने वाले हैं।
14 जुलाई, 2027 को देवशयनी एकादशी होने से चातुर्मास की शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद मुहूर्त की शुरुआत एक बार फिर 4 महीने के लंबे अंतराल के बाद 20 नवंबर से होगी।
साल 2027 में इन तिथियों पर सबसे ज्यादा शादियां
साल 2027 में कुछ खास तिथियों पर सबसे ज्यादा शादियां होने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि धार्मिक और ज्योतिषीय नजरिए से ये तिथियां काफी शुभ मानी जाती हैं। इनमें-
11 फरवरी को वसंत पंचमी
8 मई को परशुराम जयंती
9 मई को अक्षय तृतीया
12 जुलाई भड़ली नवमी
3 दिसंबर विवाह पंचमी के मौके पर