11 साल की उम्र में अनाथ, दुखों के बादलों को चीरते हुए झज्जर के अमन सहरावत ने लिखी गोल्ड मेडल जीतने की पटकथा
जापान में आयोजित हुए एशियाई खेलों में पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में हरियाणा के झज्जर के रहने वाले अमन सहरावत ने गोल्ड मेडल जीतकर विदेशी सरजमीं पर एक बार फिर से भारत देश का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी अद्भुत फुर्ती और दांव-पेच के दम पर दुनिया के बेहतरीन पहलवानों को पटखनी देते हुए इस उपलब्धि को हासिल किया है। इससे पहले पेरिस ओलंपिक में मेडल जीतकर अमन सहरावत ने देश के सबसे युवा पदक विजेता बनने का गौरव हासिल किया था।
विश्व चैंपियन को हराकर जीता सोना
एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमन सहरावत ने गोल्ड मेडल मुकाबले में उत्तर कोरिया के मौजूदा विश्व चैंपियन हान चोंग सांग को एकतरफा अंदाज में पटखनी देकर साबित कर दिया है कि उनका मुकाबला पूरी दुनिया में किसी से नहीं है। एशियाई खेलों में उनके बेजोड़ प्रदर्शन के सामने दुनिया के अच्छे-अच्छे पहलवान नतमस्तक होते नजर आए। अमन ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय देते हुए भारत देश की झोली में गोल्ड मेडल डालने का इतिहास रचा है।
11 साल की उम्र में अनाथ
झज्जर जिले के गांव बिरोहड़ निवासी अमन सहरावत मात्र 11 साल की उम्र में अनाथ हो गए थे। इतनी छोटी उम्र में माता-पिता का चले जाना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं था लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इस गहरे सदमे से उबारने के लिए उनके चाचा और परिवार ने उन्हें कुश्ती की राह दिखाई।
अमन सहरावत को दिल्ली के प्रसिद्ध छत्रसाल अखाड़े में कुश्ती के दांव-पेंच सीखने के लिए छोड़ दिया गया। यहां उन्होंने कोच ललित कुमार के मार्गदर्शन में निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन से प्रशिक्षण हासिल किया। कोच ने बताया कि बाकी बच्चे त्यौहारों पर घर चले जाते थे लेकिन अमन अखाड़े की मिट्टी पर पसीना बहाकर अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने में जुटा रहता था। उनके गोल्ड मेडल जीतने की खुशी में छत्रसाल अखाड़े से लेकर गांव बिरोहड़ तक मिठाइयां बांटी गई और खेलप्रेमियों ने पटाखे जलाकर इस खुशी का इजहार किया।
चाचा ने बताया कि अमन की यह सफलता केवल बिरोहड़ या झज्जर की नहीं, बल्कि पूरे देश की जीत है। जिस तरह से उसने दुखों के बादलों को चीरकर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है, वह देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।