{"vars":{"id": "91925:5179"}}

लाडवा में सांसद खेल महोत्सव का जोश: खिलाड़ियों ने दिखाया जबरदस्त दमखम

लाडवा में सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर खेल महोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने कुश्ती और क्रिकेट में अपना दमखम दिखाया।
 

मानव गर्ग /अटल हिन्द

लाडवा /12 नवंबर 2026 /

लाडवा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को खेल का रोमांच अपने चरम पर देखने को मिला। सांसद नवीन जिन्दल की विशेष पहल पर आयोजित 'सांसद खेल महोत्सव 2.0' के तहत क्षेत्र के विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। धनौरा जाटान, बकाली और संजय गांधी स्कूल के मैदानों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में युवाओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें एक उचित मंच प्रदान करना है। भाजपा लाडवा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सांसद नवीन जिन्दल लगातार खिलाड़ियों के हितों के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल युवाओं को खेलों से जुड़ने का मौका मिलता है, बल्कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहते हैं।

ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का बड़ा मंच

प्रतियोगिताओं के दौरान कुश्ती, रस्साकशी, क्रिकेट और वॉलीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। कुश्ती के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग में हिमांशु, हर्षित, अक्षित और सात्विक ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में जीत दर्ज की। वहीं 52 किलोग्राम में अर्णव और समर्थ, 57 किलोग्राम में खुशप्रीत और मनीष, 70 किलोग्राम में लोकेश, 74 किलोग्राम में सनी और तेजस्वी तथा 79 किलोग्राम में सागर और हर्ष विजेता रहे। 86 किलोग्राम में श्रवण और 86 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में देवांश व कपिल देव ने जीत हासिल की। महिला वर्ग में विनती (50 किग्रा), एकता (53 किग्रा) और हिमानी (55 किग्रा) विजेता रहीं।

रस्साकशी के मुकाबलों में उमरी अखाड़ा और पावर हाउस की टीमों ने पुरुष वर्ग में बाजी मारी, जबकि महिला वर्ग में खैरी, बीड़ कालवा, पार्थ फाइंडर्स और हरिपुर की टीमों का दबदबा रहा। क्रिकेट के मैदान पर बकाली, सुल्तानपुर, ए.एस. लाडवा, संघौर और उमरी की टीमों ने विजेता बनकर अपना नाम दर्ज कराया। वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबलों में उमरी, मथाना, एम.डी.एस.एस. स्कूल, लाडवा लॉयन्स, सांगवान अकादमी, दून और लोहरा की टीमों ने जीत हासिल की।

इस अवसर पर मार्केट कमेटी लाडवा के चेयरमैन गणेश दत्त शर्मा, मार्केट कमेटी बाबैन के चेयरमैन जसविंदर सिंह, अमित सैनी पौंकी, बरखा राम, देवेंद्र शर्मा, गुरुदत्त शर्मा, कर्मवीर सिंह, अनिल कुमार, ऋषिपाल, थानेसर हल्का प्रभारी बलविंद्र सिंह, रादौर हल्का प्रभारी सोनी कुमार, पेहवा हल्का प्रभारी जीतराम और लाडवा हल्का प्रभारी सलिंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।