Officers Story: लाखों करोड़ों का खर्च छोड़ दो अफसरों ने मंदिर में रचाई शादी, जानिये कौन हैं SDM अकलेश और यक्षी अरोड़ा ?
Officers Story: आजकल लोग शादियों पर बहुत ज्यादा दिखावे का खर्च कर रहे हैं, लेकिन उत्तराखंड में दो अफसरों ने बेहद ही सादगी से मंदिर में शादी करके बड़ा संदेश दिया है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (SDM) अकलेश नौडियाल और अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण की उपजिलाधिकारी यक्षी अरोड़ा शनिवार को कर्णप्रयाग स्थित उमा देवी मंदिर में वैवाहिक बंधन में बंध गए। बिना किसी तामझाम, भव्य आयोजन या दिखावे के संपन्न हुए इस विवाह की चर्चा पूरे उत्तराखंड में हो रही है।
कौन हैं अकलेश नौडियाल और यक्षी अरोड़ा ?
जानकारी के अनुसार, उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र के रहने वाले अकलेश नौडियाल वर्तमान में चमोली जिले के कर्णप्रयाग में SDM के पद पर तैनात हैं। वहीं काशीपुर निवासी यक्षी अरोड़ा अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में SDM के रूप में सेवाएं दे रही हैं। दोनों अधिकारी उत्तराखंड पीसीएस के 2023 बैच के अधिकारी हैं।
सादगीपूर्ण शादी की हर तरफ हो रही चर्चा
इस सादगीपूर्ण विवाह की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि आज के दौर में शादियों में लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। ऐसे समय में दो प्रशासनिक अधिकारियों ने सादगी को प्राथमिकता देकर एक अलग उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर कई लोग इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े अधिकारियों द्वारा की गई ऐसी सादगीपूर्ण पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और अनावश्यक दिखावे से दूर रहने की सीख भी देती है।
पहले सरकारी जिम्मेदारी, फिर शादी का फैसला
दिलचस्प बात यह है कि अकलेश नौडियाल ने अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित ऐतिहासिक गौचर मेले में उन्होंने मेलाधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। मेले की व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही उन्होंने विवाह का फैसला किया। बताया जा रहा है कि मेले का दायित्व समाप्त होने के बाद महज एक रात में शादी की तैयारियां की गईं और अगले ही दिन दोनों सात फेरों के बंधन में बंध गए, इसे उनकी कार्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में भी देखा जा रहा है।