IRS अधिकारी एकता बिश्नोई ने अमेरिका में रचा इतिहास, पावरलिफ्टिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीते 3 गोल्ड मेडल
रेनो (अमेरिका): भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी एकता बिश्नोई ने अमेरिका में हुई वर्ल्ड मास्टर्स क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक (Gold Medals) अपने नाम कर लिए हैं।
एकता ने कुल 362.5 किलोग्राम वजन उठाकर बेहतरीन प्रदर्शन किया और जापान तथा कनाडा की मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। इसके साथ ही, वह मास्टर्स-2 कैटेगरी में यह स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पावरलिफ्टर बन गई हैं।
बिना कोच के अमेरिका में दिखाया दम, वीडियो कॉल से ली मदद
एक तरफ एकता IRS अधिकारी के रूप में अपनी भारी-भरकम सरकारी जिम्मेदारियाँ संभाल रही हैं, तो दूसरी तरफ वे पूरी लगन से पावरलिफ्टिंग की ट्रेनिंग भी कर रही हैं।
चुनौतियाँ तब और बढ़ गईं जब टूर्नामेंट से ठीक पहले उनके कोच सुनील कुमार का यूएस (US) वीजा खारिज हो गया। लेकिन एकता ने हार नहीं मानी। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपने कोच सुनील से लगातार ट्रेनिंग और रणनीतिक सलाह ली, जबकि मौके पर मौजूद टीम अधिकारी बीनू इब्राहिम ने उनका पूरा साथ दिया। इसी शानदार तालमेल के दम पर एकता ने देश का नाम रोशन कर दिखाया।