Private Employees Holiday: कर्मचारियों की हुई मौज! 2 और 3 दिसंबर को मिलेगी छुट्टी, जानें क्या है वजह और किसने लिया फैसला
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहत और खुशी की खबर है। सरकार ने 55वें यूनियन डे (ईद अल एतिहाद 2026) के उपलक्ष्य में प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों को दो दिन की सवैतनिक छुट्टी (पेड लीव) देने की घोषणा की है। इस फैसले के अनुसार, 2 दिसंबर (बुधवार) और 3 दिसंबर (गुरुवार) को अवकाश रहेगा, जिससे कर्मचारियों को बिना किसी वेतन कटौती के राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर मिलेगा।
UAE की मिनिस्ट्री ऑफ ह्यूमन रिसोर्सेज एंड एमिरेट्सेशन (MoHRE) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से यह अपडेट साझा किया है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह आदेश देश के सभी सातों अमीरातों में स्थित निजी कंपनियों पर समान रूप से लागू होगा। दूसरी ओर, संघीय (फेडरल) सरकारी कर्मचारियों के लिए तीन दिन की छुट्टी तय की गई है, यानी सरकारी महकमों में काम करने वालों को निजी क्षेत्र की तुलना में एक दिन ज्यादा छुट्टी का लाभ मिलेगा।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी तीन दिन की छुट्टी
फेडरल अथॉरिटी फॉर गवर्नमेंट ह्यूमन रिसोर्सेज (FAHR) ने सरकारी कर्मचारियों के लिए 2 दिसंबर से 4 दिसंबर 2026 तक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके बाद वीकेंड की छुट्टी रहेगी और सोमवार, 7 दिसंबर से सरकारी कार्यालयों में कामकाज फिर शुरू होगा।
क्यों मनाया जाता है ईद अल एतिहाद?
ईद अल एतिहाद का अरबी में मतलब यूनियन डे होता है. इसे हर साल 2 दिसंबर को मनाया जाता है। दरअसल, 2 दिसंबर 1971 में संयुक्त अरब अमीरात का गठन हुआ था। शुरुआत में छह अमीरात एक साथ आए थे, जबकि रास अल खैमाह फरवरी 1972 में इस संघ में शामिल हुआ। UAE के संस्थापक और पहले राष्ट्रपति शेख जायद बिन सुल्तान अल नाहयान ने देश के एकीकरण में अहम भूमिका निभाई थी. इस साल देश अपनी स्थापना के 55 साल पूरे होने का जश्न मनाएगा।
कैसे मनाया जाता है ईद अल एतिहाद?
ईद अल एतिहाद के मौके पर UAE के अलग-अलग शहरों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। दुबई, अबू धाबी और दूसरे शहरों में आतिशबाजी और लाइट शो होते हैं. इसके अलावा सैन्य परेड, एयर शो और पारंपरिक अमीराती सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस दौरान सरकारी इमारतों, शॉपिंग मॉल, सड़कों और घरों को UAE के राष्ट्रीय झंडे के रंगों लाल, हरे, सफेद और काले से सजाया जाता है। म्यूजियम और हेरिटेज विलेज में देश के इतिहास और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम होते हैं. वहीं, होटल, मॉल और मनोरंजन से जुड़ी जगहों पर विशेष ऑफर और आयोजन भी किए जाते हैं।