तरावड़ी में अनिरुद्ध आचार्य की कथा की तैयारियां तेज, एडीसी और एसडीएम ने लिया जायजा

तरावड़ी की नई अनाज मंडी में 5 सितंबर से शुरू होने जा रही विश्व विख्यात कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा को लेकर प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इस कथा का आयोजन शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट द्वारा किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोमवार को एडीसी राहुल राय के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने कथा स्थल का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने किया कथा स्थल का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अशोक कुमार, डीएसपी सोनू नरवाल, थाना प्रभारी जगदीश पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों ने कथा स्थल पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन समिति के साथ व्यवस्थाओं को लेकर विशेष चर्चा की और सभी संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कथा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष फोकस
प्रशासन की ओर से कथा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, बिजली-पानी, चिकित्सा सुविधा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े तमाम पहलुओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कथा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पहले से ही पुग्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
5 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट द्वारा आयोजित इस श्रीमद्भागवत कथा को लेकर तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। इस कथा में हरियाणा प्रदेश भर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की पूरी उम्मीद है। आगामी 5 सितंबर को तरावड़ी शहर के नगर खेड़े से 1100 से ज्यादा महिलाएं कलश धारण कर नगर की परिक्रमा करेंगी। अनाज मंडी में कथा स्थल तक यह शोभायात्रा एक बड़ा आकर्षण का केंद्र बनेगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और हर व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।