तोशाम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने 6 सितंबर को सम्मेलन का दिया न्यौता, भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

तोशाम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने 6 सितंबर को सम्मेलन का दिया न्यौता, भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला, कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई : अनिरुद्ध चौधरी

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी पहुंचे तोशाम, कार्यकर्ताओं से 6 सितंबर को तोशाम में आयोजित होने वाले कांग्रेस सम्मेलन में पहुंचने की अपील की

विष्णु दत्त शास्त्री /तोशाम /02 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने शुक्रवार को तोशाम हलके के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 6 सितंबर को तोशाम की जाट धर्मशाला में आयोजित होने वाले कांग्रेस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। अनिरुद्ध चौधरी ने गांव बापोड़ा, दांग, सगवान, अलखपुरा, किरावड़, तोशाम, खनक, पिंजोखरा और छप्पार सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करके उन्हें सम्मेलन की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात भी कही।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

अनिरुद्ध चौधरी ने भाजपा सरकार पर कड़ा निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि न्याय के मंदिर कहे जाने वाले न्याय के दरबार में भी गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

किसान मुआवजे का मुद्दा और जेन जी आंदोलन का जिक्र

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि तोशाम क्षेत्र में पिछले कई दिनों से किसान जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के अधिकारी पहले जमीन के मुआवजे की दर तय करते हैं। इसके बाद अधिकारी उसमें कटौती कर देते हैं। इस वजह से किसानों में भारी रोष देखा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार को किसानों की सभी मांगों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब पूरी तरह से जागरूक हो चुकी है। किसानों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में जेन जी के आंदोलन ने सरकार को घुटनों पर खड़ा होने पर मजबूर किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजधर्म का पालन करने में पूरी तरह से विफल रही है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान दिलबाग बेडवाल दरियापुर, युवा हल्का प्रधान मंदीप दुहन, हरीश तोशाम, प्रदीप बंसल ईशरवाल, सुशील पहिवाल, अनिल लेघा, कुलदीप तंवर, गणेश मित्तल, मनीष पंघाल, प्रवीण सरदाना और दिनेश धनखड़ सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment