तरावड़ी के खाटू श्याम मंदिर पहुंचे कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज,

खाटू श्याम मंदिर में पहुंचे अनिरुद्धाचार्य जी महाराज, भक्तिभाव से टेका माथा
गुलाब की पंखुड़ियों से हुआ भव्य स्वागत, लखदातार परिवार के सेवा कार्यों की सराहना, श्याम प्रेमियों को वृंदावन आने का दिया निमंत्रण
रोहित लामसर /तरावड़ी /12 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
विश्व विख्यात कथावाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने तरावड़ी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर बाबा खाटू श्याम जी के चरणों में शीश नवाया। मंदिर पहुंचने पर श्री खाटू श्याम लखदातार परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से उनका पुष्पवर्षा और गुलाब की पंखुड़ियों से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के माहौल से सराबोर नजर आया।
पदाधिकारियों ने किया स्वागत और दी कार्यों की जानकारी
ट्रस्ट की ओर से प्रमोद बंसल, विनीत बंसल, अशोक बंसल और नितेश मंगल सहित सभी पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने महाराज जी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए श्री खाटू श्याम जी और बालाजी महाराज के चरणों में माथा टेका तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें तरावड़ी में लखदातार परिवार द्वारा करवाए जा रहे धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी।
सेवा कार्यों की सराहना और वृंदावन आने का निमंत्रण
महाराज जी ने इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज और धर्म की सेवा के लिए किए जाने वाले ऐसे प्रयास लोगों को जोड़ने के साथ-साथ सेवा और संस्कार की भावना को भी मजबूत करते हैं। अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने खाटू श्याम प्रेमियों एवं लखदातार परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट के सभी सदस्यों को वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम में आने का निमंत्रण भी दिया। उनके आगमन से मंदिर में मौजूद श्याम प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने महाराज जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महाराज जी का आभार जताते हुए कहा कि उनका तरावड़ी के खाटू श्याम मंदिर में पहुंचना सभी श्याम प्रेमियों के लिए विशेष और यादगार अवसर है।