तरावड़ी में पहली बार अनिरुद्धाचार्य जी की कथा, नई अनाज मंडी में भूमि पूजन और तैयारियां तेज

विश्व विख्यात अनिरुद्धाचार्य जी की कथा को लेकर तरावड़ी में तैयारियां तेज हो गई हैं। कथा स्थल पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया है। तरावड़ी में पहली बार प्रसिद्ध कथा वाचक परम पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 5 से 11 सितंबर तक नई अनाज मंडी में किया जाएगा।
शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट प्रा. लि. तरावड़ी के सौजन्य से यह कथा आयोजित की जा रही है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों और सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। इसमें बैठने, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
भव्य शोभायात्रा और कथा का समय
आयोजकों ने बताया कि 5 सितंबर को सुबह 9 बजे तरावड़ी नगर खेड़ा से नई अनाज मंडी तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। कथा के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज कथा का रसपान कराएंगे। सातों दिन कथा स्थल पर विशाल अखंड भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजकों की अपील और गणमान्य लोग मौजूद
आयोजक रमेश गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन तरावड़ी के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अवसर है। उन्होंने शहर के लोगों से बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। भूमि पूजन के दौरान नगरपालिका चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, राजीव नारंग और अमन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी तैयारियों में हिस्सा लिया।