रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस: जानिए कल, आज और आने वाले कल की जरूरतें

रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस पर जानिए इस बल के इतिहास, वर्तमान स्वरूप और भविष्य की चुनौतियों के बारे में पूरी जानकारी।

रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस : जरूरत- कल, आज और कल की! पर,

कैसे और क्यों?? 

लेखक --सुनील कुमार वाजपेयी शिवम्

किसी भी राष्ट्र की जीवन रेखा उसकी रेल है। यदि सड़कें राष्ट्र की नसें हैं तो रेल उसकी धमनी है। हर दिन करोड़ों लोग, लाखों टन सामग्री, अनाज, सेना के संसाधन, दवाएँ, कोयला इसी धमनी से होकर बहते हैं। इस जीवन रेखा की रक्षा करना केवल पहरा देना नहीं है, यह राष्ट्र की गति की रक्षा करना है। यही कार्य करता है रेलवे सुरक्षा बल। प्रत्येक वर्ष बीस सितंबर को इस बल का स्थापना दिवस मनाया जाता है। यह दिवस केवल परेड और सम्मान का दिवस नहीं है, यह आत्मचिंतन का दिवस है कि हम कल कहाँ थे, आज कहाँ हैं और आने वाले कल के लिए हमें कैसा बनना होगा।

कल --- स्वतंत्रता से पहले रेल की रखवाली के लिए अंग्रेजी शासन ने पहरेदारों की टोली बनाई थी, जिसे कंपनी पुलिस कहा जाता था। उनका काम केवल कंपनी की संपत्ति बचाना था, जनता की सेवा नहीं। स्वतंत्रता के बाद देश को एक ऐसे बल की आवश्यकता महसूस हुई जो रेल की संपत्ति, यात्रियों और राष्ट्र की सम्पदा की रक्षा कर सके। इसी सोच से सन 1954 में रेलवे सुरक्षा बल की नींव पड़ी, परंतु उस समय इसे पर्याप्त अधिकार नहीं थे। यह केवल पहरेदार बल था।असली परिवर्तन सन 1957 में आया जब संसद ने रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम पारित किया। इससे बल को कानूनी मान्यता मिली। फिर सन 1985 में इसमें बड़ा संशोधन हुआ और इसे सशस्त्र बल का दर्जा दिया गया। अब यह केवल पहरेदार नहीं, एक सशक्त, प्रशिक्षित, अनुशासित सैन्य जैसा बल बन गया। सन 2004 में इसे रेल यात्रियों की सुरक्षा का दायित्व भी सौंपा गया, विशेषकर महिला और बालकों की सुरक्षा का। कल का समय कठिन था। संसाधन कम थे, जनबल कम था, हथियार पुराने थे। लाठी और सीटी से लेकर पुरानी राइफलों तक से काम चलता था। पर निष्ठा में कोई कमी नहीं थी। उस काल के जवानों ने चोरी, डकैती, रेल पटरी उखाड़ने की घटनाओं को अपने प्राण देकर रोका। कई जवानों ने मालगाड़ी की रक्षा में, आग में, बाढ़ में अपने प्राण दिए। उनका नाम इतिहास में नहीं है, पर उनका बलिदान नींव में है।

आज --- आज रेलवे सुरक्षा बल का रूप पूरी तरह बदल चुका है। आज यह देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बलों में से एक है, जिसमें लगभग पचहत्तर हजार जवान और अधिकारी हैं। आज इसकी भूमिका केवल संपत्ति की रक्षा तक सीमित नहीं है। आज इसके कंधों पर कई बड़े दायित्व हैं। पहला-- हर दिन लगभग ढाई करोड़ लोग रेल से यात्रा करते हैं। उनकी सुरक्षा, विशेषकर अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा इस बल का प्रथम धर्म है। मेरी सहेली, ऑपरेशन आहट, ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते जैसे अभियानों से मानव तस्करी रोकना, खोए हुए बच्चों को परिवार से मिलाना, महिलाओं को तत्काल सहायता देना, यह सब आज के बल की पहचान बन गया है। दूसरे-- रेल की पटरी, बिजली के तार, संकेतक यंत्र, डिब्बे, इंजन - यह सब राष्ट्रीय संपत्ति है। लोहे की चोरी, तेल की चोरी, पार्सल की चोरी रोकना आज भी मुख्य काम है। तीसरे-- चाहे बाढ़ हो, भूकंप हो, रेल दुर्घटना हो, सबसे पहले वर्दी में दौड़ता हुआ जवान इसी बल का होता है। वह घायलों को निकालता है, भीड़ को संभालता है, अफवाह रोकता है। चौथे-- आज रेल में अपराध का रूप बदल गया है। नशे की वस्तुओं का परिवहन, बिना टिकट के हथियार ले जाना, जाली टिकट गिरोह, अंतर्जाल के माध्यम से धोखाधड़ी - इन सब पर इस बल ने बड़ी कार्रवाई की है। आज बल के पास आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र हैं, श्वान दस्ता है, बम निरोधक दस्ता है, खुफिया शाखा है, साइबर निगरानी प्रकोष्ठ बन रहा है। महिला टुकड़ी भी सशक्त हुई है।पर आज चुनौतियाँ भी बढ़ी हैं। रेल का जाल बढ़ा है, गति बढ़ी है, भीड़ बढ़ी है। वंदे भारत जैसी तीव्र गाड़ियाँ, सुरंगों वाले मार्ग, ऊँचे पुल, यह सब नई सुरक्षा माँगते हैं।

   कल--- अब प्रश्न उठता है कि आने वाले कल के लिए इस बल को कैसा बनना होगा? क्यों इसकी आवश्यकता और बढ़ेगी और कैसे इसे सुदृढ़ किया जाए? क्यों आवश्यकता बढ़ेगी? पहला कारण-- आने वाले दस वर्षों में रेल केवल परिवहन नहीं, अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनेगी। माल ढुलाई गलियारा, तीव्र गति रेल, अति तीव्र रेल, ये सब राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़े हैं। यदि दुश्मन रेल को रोके तो देश रुक जाएगा।

इसलिए रेल की सुरक्षा राष्ट्र की सुरक्षा बन जाएगी।दूसरा कारण -- पहले चोर डिब्बे में चोरी करता था, अब अपराधी अंतर्जाल से टिकट प्रणाली पर हमला करता है। पहले तस्कर बोरे में माल ले जाता था, अब वह पार्सल सेवा में नशीले पदार्थ छुपाता है। बिना तकनीक के इस अपराध को रोकना संभव नहीं।तीसरा कारण -- बड़ी रेलस्थलों पर हर दिन लाखों लोग आते हैं। त्योहार, मेले, आंदोलन के समय भीड़ बेकाबू हो जाती है। इस भीड़ में आतंकी, तस्कर, भगोड़े अपराधी भी छुप सकते हैं। इसलिए भीड़ प्रबंधन और चेहरा पहचान जैसी नई विधि चाहिए। चौथा कारण -- समाज में महिलाओं की यात्रा बढ़ी है। उन्हें सुरक्षित वातावरण देना केवल कानून का विषय नहीं, विश्वास का विषय है। यदि महिला स्वयं को रेल में सुरक्षित नहीं समझेगी तो राष्ट्र की प्रगति अधूरी है।

कैसे सुदृढ़ बनें देखिए पाँच सूत्र  पहला--- अब लाठी से काम नहीं चलेगा। हर बड़े रेलस्थल पर कृत्रिम बुद्धि वाले कैमरे, स्वचालित चेहरा पहचान, संदिग्ध वस्तु पहचान प्रणाली लगानी होगी। गाड़ियों में जीपीएस आधारित निगरानी, ड्रोन से पुलों और सुरंगों की जाँच, यह सब करना होगा। जवान के पास हाथ में मोबाइल जैसा उपकरण हो जिससे वह तुरंत अपराधी का विवरण देख सके। दूसरे-- आज के जवान को केवल शारीरिक बल नहीं, मानसिक और तकनीकी ज्ञान भी चाहिए। उसे भाषा का ज्ञान, मनोविज्ञान का ज्ञान, प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा का विशेष प्रशिक्षण देना होगा।

प्रशिक्षण केंद्रों में केवल परेड नहीं, प्रयोगशाला भी होनी चाहिए। तीसरे-- बल को जनता का मित्र बनना होगा। डंडे वाला सिपाही नहीं, सहायता करने वाला भाई, पिता, पुत्र बनना होगा। इसके लिए हेल्पलाइन 139 को और सशक्त करना, हर डिब्बे में क्यूआर कोड से शिकायत, बच्चों के लिए मित्र पुलिस, यह सब करना होगा। जब जनता स्वयं सुरक्षा में सहयोग देगी तो अपराध स्वयं घटेगा। चौथे-- जो जवान दिन-रात धूप, वर्षा, ठंड में खड़ा है, उसके परिवार की चिंता कौन करेगा? उसके रहने की जगह, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, पदोन्नति -

इन पर ध्यान देना होगा। यदि जवान का मनोबल ऊँचा होगा तो बल स्वयं ऊँचा होगा। पांचवे--  रेल अकेली नहीं चलती। उसे राज्य पुलिस, केंद्रीय खुफिया, आपदा मोचन बल, रेल प्रशासन - सबके साथ मिलकर काम करना होगा। सूचना का आदान-प्रदान तुरंत हो, इसके लिए साझा नियंत्रण कक्ष बनाना होगा। अंत में यही कह सकते हैं कि कल रेलवे सुरक्षा बल ने पहरेदार के रूप में जन्म लिया, आज वह रक्षक के रूप में खड़ा है, पर कल उसे राष्ट्र के गति रक्षक के रूप में बनना होगा।

स्थापना दिवस पर हमें केवल बैंड बजाकर मिठाई नहीं बाँटनी, हमें प्रण लेना है कि हम बल को इतना सशक्त बनाएँ कि कोई माँ अपनी बेटी को अकेले रेल में भेजते हुए चिंता न करे, कोई व्यापारी अपना माल बेफिक्र होकर भेजे, कोई सैनिक यह सोचकर सो सके कि सीमा तक जाने वाली रेल सुरक्षित है। रेल चलती है तो देश चलता है, और देश तभी चलता है जब उसकी रक्षा करने वाले जागते हैं। रेलवे सुरक्षा बल के जवान वही जागती आँखें हैं। उनका सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है।

About the Author