नरवाना के आर्यन पब्लिक स्कूल में हरियाली तीज और 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया

आर्यन पब्लिक स्कूल ने मनाई हरियाली तीज।
नरवाना /14 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /नरेंद्र जेठी
सावन के रंग आजादी के संग मुख्य विषय वस्तु के साथ आर्यन पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस व हरियाली तीज का त्योहार अत्यंत हर्षोल्लास,गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गान व वंदे मातरम् गीत की गूंज के साथ मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह व प्रबंधक समिति सदस्य वीरेंद्र गर्ग एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती तृप्ता कौशिक ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर समारोह में नन्हे मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से परिपूर्ण विभिन्न विषयों से संबंधित नृत्यों के माध्यम से देश प्रेम को व्यक्त किया। कलाकारों का समर्पण,कड़ी मेहनत और भारत मां के प्रति अगाध प्रेम स्पष्ट झलक रहा था।
ऐसी प्रस्तुतियां हमें यह एहसास दिलाती है कि आने वाली पीढ़ी के हाथों में देश की सांस्कृतिक और देशभक्ति की मशाल पूरी तरह सुरक्षित है। एक तरफ जहां 15 अगस्त के उपलक्ष में प्रस्तुत नाटकों, देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने हमें वीरों की शहादत और आजादी की महत्वता याद दिलाई वहीं दूसरी तरफ विद्यार्थियों ने तीज के लोकगीतों, झूलों की तरंगों और तीज के पारंपरिक नृत्यों ने हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति के रंगों को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर कक्षा नौवीं की छात्राओं ने देश भक्ति गीत शुभ सुख चैन की बरखा बरसे के ओजस्वी गीतों पर एक शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा छठी की छात्राओं ने पंजाबी लोकगीत पर प्रस्तुति पेश करके सभी को ढोल की ताल पर झूमने पर विवश कर दिया। साथ ही नन्हे मुन्ने कलाकारों ने अपनी सैनिक वेशभूषा के साथ रंग-बिरंगे परिधानों को धारण करके अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालय परिसर की शोभा में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर विद्यालय में आजादी की उमंग के साथ विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों की स्टाल लगाई गई। जहां से विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों को खाकर उनका भरपूर आनंद लिया।विद्यालय प्रांगण में झूले सजाए गए। बच्चों के अद्भुत उत्साह,प्रदर्शन, अनुशासन एवं उल्लास ने इस दोहरे उत्सव को बेहद खास और स्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी विद्यार्थियों के प्रयास एवं अभिभावकों का निरंतर सहयोग सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के चेयरमैन विरेन्द्र गर्ग ने मंच संचालन,नृत्य प्रस्तुति और व्यवस्था में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए सरहाना की। सामूहिक तस्वीर और जलपान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अंत में विद्यालय के प्रांगण में इंकलाब जिंदाबाद,भारत माता की जय आदि के नारे लगाए गए। विद्यालय का यह कार्यक्रम बहुत ही सफल रहा।