नरवाना के पार्षद आशुतोष शर्मा बने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के गैर-आधिकारिक सदस्य

पार्षद आशुतोष शर्मा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के गैर-आधिकारिक सदस्य नियुक्त!
नरवाना विधानसभा की समस्याओं और आमजन के मुद्दों को दिशा बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे: आशुतोष शर्मा
नरेंद्र जेठी /नरवाना /21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जींद जिले के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की नई गैर-आधिकारिक सदस्य कमेटी की नियुक्ति कर दी गई है। इस नवगठित समिति में नरवाना से वरिष्ठ पार्षद आशुतोष शर्मा, दीपक पिंडारा, वीरेंद्र सिंह उचाना और पूर्व जिला पार्षद दर्शना देवी को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
- नरवाना के पार्षद आशुतोष शर्मा बने दिशा समिति के सदस्य।
- सांसद कुमारी सैलजा का जताया आभार।
- नरवाना विधानसभा की समस्याओं को दिशा बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे।
इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर पार्षद आशुतोष शर्मा ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद बहन कुमारी सैलजा का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
नरवाना विधानसभा की समस्याओं को उठाएंगे
पार्षद आशुतोष शर्मा ने बताया कि हमारे नरवाना विधानसभा क्षेत्र में इस समय बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी कई गंभीर दिक्कतें हैं। जिला मुख्यालय पर समय-समय पर आयोजित होने वाली दिशा की बैठकों में वे आमजन से जुड़े इन सभी मुद्दों, क्षेत्र की समस्याओं और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को पूरी गंभीरता के साथ उठाएंगे।
दिशा समिति की कार्यप्रणाली और बैठकें
गौरतलब है कि जिला जींद की इस दिशा समिति की चेयरमैन सिरसा सांसद कुमारी सैलजा हैं। इस समिति की बैठकों में क्षेत्र के लोकसभा सदस्य और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं, आमजन की दिक्कतों को समझते हैं और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हैं।
विकास कार्यों को देंगे गति
पार्षद आशुतोष शर्मा ने विश्वास दिलाया कि वे कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला और सांसद कुमारी शैलजा के सहयोग और आशीर्वाद से प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर नरवाना के विकास कार्यों को गति देने का काम करेंगे। वे इस क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।