अश्विन शेणवी ने संभाला करनाल रेंज के नए आईजी का कार्यभार, जानिए क्या होंगी प्राथमिकताएं

करनाल रेंज को नया नेतृत्व मिल गया है और वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अश्विन शेणवी ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक, करनाल मंडल, करनाल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। हरियाणा सरकार द्वारा जारी तबादला आदेशों के तहत यह नियुक्ति की गई है। कार्यभार संभालने के अवसर पर रेंज कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक अश्विन शेणवी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
आईजी अश्विन शेणवी को मिला अतिरिक्त प्रभार
हरियाणा सरकार द्वारा श्री अश्विन शेणवी को पुलिस महानिरीक्षक, करनाल रेंज के साथ-साथ महानिरीक्षक, हरियाणा सशस्त्र पुलिस (एचएपी), मधुबन, करनाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने रेंज कार्यालय के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने रेंज के अंतर्गत आने वाले जिलों की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग व्यवस्था से संबंधित विस्तृत जानकारी ली।
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना पहली प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद आईजी अश्विन शेणवी ने स्पष्ट किया कि करनाल रेंज में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराध एवं संगठित अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रभावी कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि करनाल रेंज के अंतर्गत आने वाले करनाल, पानीपत और कैथल जिलों में जन-सहयोग आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा।
नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
नवनियुक्त आईजी ने जानकारी दी कि नशा मुक्ति अभियान, महिला सुरक्षा तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाए ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और अधिक बढ़े।
नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास सर्वोपरि
आईजी अश्विन शेणवी ने बल देते हुए कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और उनके विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रहे अशोक कुमार, आईपीएस का स्थानांतरण महानिरीक्षक, पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया के पद पर किया गया है।