फरीदाबाद में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

फरीदाबाद में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर फरीदाबाद के जिला कार्यालय अटल कमल पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, जिला प्रभारी लतिका शर्मा, पूर्व विधायक नरेन्द्र गुप्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, राजनीतिक दूरदर्शिता, राष्ट्रसेवा और उनके विचारों को याद किया।

अटल जी के विचार और आदर्श आज भी देश को दे रहे हैं दिशा : विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अटल जी आज भी राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए प्रेरणा हैं। उनकी दूरदर्शी नीतियां और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णय आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी के कार्यकाल में भारत ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। अंतरराष्ट्रीय दबाव और विरोध के बावजूद अटल जी ने हमेशा राष्ट्रहित में दृढ़ता के साथ निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रनिर्माण के कार्यों और उनके संकल्पों को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का कद और सम्मान ऐतिहासिक रूप से बढ़ा है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अटल जी के राष्ट्रनिर्माण के संकल्पों को पीएम मोदी कर रहे हैं साकार : राजेश नागर

हरियाणा के खाद्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी सचमुच अपने आप में एक 'भारत रत्न' थे। उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अटल जी के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का अध्ययन करना चाहिए तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अटल जी को 'अजातशत्रु' कहा जाता था। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, सभी राजनीतिक दलों और नेताओं में उनके प्रति सम्मान था। उनकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यह थी कि वे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद व्यक्तिगत संबंधों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को बनाए रखते थे।

अटल बिहारी वाजपेयी जैसे राष्ट्रनायक सदैव प्रेरणा देते रहेंगे : लतिका शर्मा

भाजपा जिला प्रभारी लतिका शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति का चमकता सितारा बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी अतीत में भी चमके, आज भी उनके विचारों का प्रकाश देश को दिशा दे रहा है और आने वाली पीढ़ियां भी उनसे प्रेरणा लेती रहेंगी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और ओजस्वी वक्ता भी थे। उनके भाषण सुनने के लिए लोग दूर-दूर से पैदल और साइकिल तक से आते थे। उनकी वाणी में राष्ट्रभक्ति, संवेदना और जनभावनाओं की गहरी समझ दिखाई देती थी।

अटल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल : पंकज पूजन रामपाल

भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सादगी, संघर्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल था। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने व्यक्तित्व और विचारों से भारतीय राजनीति को नई ऊंचाई दी। उनका ओजस्वी वक्तृत्व, सहज व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों और विशेषकर युवा पीढ़ी को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अटल जी के आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण के सपनों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, मनोज वशिष्ठ, मुकेश शर्मा, मनीष छोंकर, राज मदान, मुकेश झा, विनय भाटी, ज्योति सिलानी, सचिन ठाकुर, रजनीश, अवतार चंदीला, आयुष चंदीला, राहुल यादव, महेश पाहुजा, गौतम भडाना, सचिन गुप्ता व अन्य कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment