मान्यता बनाम पत्रकारिता: प्रेस कार्ड या कलम की ताकत?

मान्यता बनाम पत्रकारिता का सवाल आज फिर सामने है। क्या प्रेस कार्ड पत्रकार की पहचान है या सक्रिय रिपोर्टिंग और निष्पक्ष कलम ही असली पहचान है?
 
# मान्यता का एक और कमाल... मान्यता की दुनिया का एक और दिलचस्प पहलू है। कुछ मामलों में ऐसे लोग भी दिखाई देते हैं जो किसी सक्रिय समाचार संस्थान से नियमित रूप से जुड़े नहीं हैं, न नियमित रिपोर्टिंग करते हैं और न रोज खबर लिखते-पढ़ते हैं, लेकिन पत्रकारिता की मान्यता उनके पास है। यानी पत्रकारिता का काम पीछे छूट गया, पत्रकार होने की पहचान आगे रह गई। जो पत्रकार संस्थान की नौकरी, डेस्क, रिपोर्टिंग और संपादकीय जिम्मेदारियों से भी “स्वतंत्र” हो गए हैं, "स्वतंत्र पत्रकार" उनके लिए तो कहना ही क्या— न डेडलाइन का दबाव। न संपादक की डांट। न खबर की चिंता। न कॉपी की गलती का डर। बस पत्रकारिता की पहचान कायम। जिसने पत्रकारिता की सबसे कठिन सीढ़ियां चढ़ीं, उसे पहचान के लिए वर्षों इंतजार करना पड़ता है; और जिसने पत्रकारिता से ही दूरी बना ली, उसके पास कभी-कभी वही पहचान सबसे मजबूती से दिखाई देती है। हालांकि यह तस्वीर सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों की नहीं है। बहुत से मान्यता प्राप्त पत्रकार आज भी सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग कर रहे हैं, खबर लिख रहे हैं और जनसरोकार के मुद्दे उठा रहे हैं। सवाल सिर्फ इतना है कि मान्यता का आधार सक्रिय पत्रकारिता हो या सिर्फ पत्रकार होने का दावा? क्योंकि पत्रकारिता में सबसे महत्वपूर्ण चीज प्रेस कार्ड नहीं, प्रेस के पीछे खड़ी सक्रिय कलम है। अगर कलम ही काम नहीं कर रही, तो फिर सवाल उठना स्वाभाविक है- मान्यता अर्थात "लू..." का लाइसेंस! पत्रकारिता में मान्यता कभी पहचान और सुविधा का माध्यम रही होगी, लेकिन आज इसके साथ जुड़ी सुविधाओं और रसूख को देखकर कभी-कभी लगता है—कहीं यह पत्रकारिता का सम्मान-पत्र नहीं, सत्ता के गलियारों में प्रवेश का लाइसेंस तो नहीं बन गया? मान्यता मिली तो सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का रास्ता खुला। जहां जो सुविधा उपलब्ध हो, वहां सरकारी आवास या किराये में रियायत, सरकारी गेस्ट हाउस की सुविधा, बीमा जैसी व्यवस्थाएं, पेंशन से जुड़ी योजनाएं और सबसे बड़ा आकर्षण-लोकभवन और एनेक्सी का प्रवेश पास। यानी एक कार्ड जेब में आया और पत्रकारिता के साथ सुविधाओं की पूरी दुनिया भी खुल गई। कहीं पॉश इलाके में सरकारी आवास का सुख, कहीं अधिकारियों के साथ उठना-बैठना, कहीं सरकारी कार्यक्रमों में विशेष पहुंच और कहीं सत्ता के गलियारों में ऐसा प्रवेश कि आम आदमी तो दूर, सामान्य पत्रकार भी दरवाजे पर खड़ा दिखाई दे। गैर मान्यता की "पहचान" दूसरी तरफ वह गैर मान्यता पत्रकार है, जो वर्षों से कंप्यूटर के सामने बैठकर खबर लिख रहा है। न कोई विशेष सुविधा, न कोई अतिरिक्त पहचान। आंखों पर चश्मा बढ़ता जाता है और अनुभव की फाइल मोटी होती जाती है। असली संघर्ष तो ऑफिस के भीतर है। गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार की परेशानी सिर्फ बाहर नहीं है। कई बार उसका संघर्ष अपने ही संस्थान के भीतर भी दिखाई देता है। वही डेडलाइन, वही खबरें, वही रात-दिन की मेहनत—लेकिन पहचान और सुविधाओं में अंतर। पदोन्नति के इंतजार में साल गुजर जाते हैं। वेतन वृद्धि कई बार इतनी मामूली होती है कि पत्रकार मजाक में कह सकता है—“महंगाई की सीढ़ी लिफ्ट से ऊपर जा रही है और हमारी तनख्वाह सीढ़ियों से।” पंद्रह साल में एक पद आगे बढ़ना और ₹500-700 की वृद्धि को भी उपलब्धि मान लेना—यह किसी एक संस्थान का सार्वभौमिक सच नहीं, लेकिन अलग-अलग जगहों पर देखे गए अनुभव जरूर हैं। फिर आती क्राइम रिपोर्टिंग की बारी मैदान में पत्रकारिता का असली इम्तिहान यहीं शुरू होता है। मान लीजिए गैर मान्यता वाला पत्रकार आफिस से निकला और रास्ते में दरोगा गाड़ी रोक लेता है। पूछताछ होती है— “कहां से हैं?” पत्रकार अपना परिचय देता है। लेकिन अगर उसके पास मान्यता का वह विशेष परिचय नहीं है, वह अपना प्रेस कार्ड दिखाता तो दरोगा कहता अपने क्राइम रिपोर्टर से बात कराओ। तो वह क्राइम रिपोर्टर को फोन मिलाता है...क्राइम रिपोर्टर पहले तो सारी छानबीन करता है फिर कहता है कि, संपादक से कहलाओ, तब देखेंगे। इससे उसका आत्मविश्वास भी धीरे-धीरे कम पड़ता है। वह अचानक अपने ही परिचय का प्रमाण देने में लग जाता है। कई बार उसकी स्थिति ऐसी हो जाती है, जैसे पत्रकार नहीं—भीगी बिल्ली। हालांकि यह तस्वीर हर जगह और हर पुलिसकर्मी पर लागू नहीं होती। बहुत से पुलिस अधिकारी पत्रकारों की भूमिका और उनके अधिकारों का सम्मान करते हैं। लेकिन जहां पहचान को पत्रकारिता की क्षमता से ऊपर रख दिया जाता है, वहां यह अनुभव जरूर पैदा होता है। सबसे बड़ा सवाल अगर किसी पत्रकार की पहचान का सबसे मजबूत आधार उसका "मान्यता" होना है, तो पत्रकारिता छोटी हो जाएगी। अगर उसकी पहचान उसकी खबर है, तो पत्रकारिता बड़ी होगी। सरकारी पास दरवाजा खोल सकता है। मान्यता परिचय करा सकती है। संपर्क रास्ता आसान कर सकता है। लेकिन खबर में तथ्य नहीं हैं, तो इनमें से कोई चीज पत्रकारिता को विश्वसनीय नहीं बना सकती। ...और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकार? वह आज भी कंप्यूटर के सामने बैठा है। आंखें थकी हैं। चश्मे का नंबर बढ़ रहा है। वेतन धीरे बढ़ रहा है। पदोन्नति का इंतजार लंबा है। फिर भी वह अगली खबर लिख रहा है। क्योंकि उसके पास मान्यता भले न हो, पत्रकारिता अभी बाकी है। पिछली पोस्ट "मान्यता बनाम पत्रिकारिता" लिखी तो न गालियां मिलीं, न बहुत ज्यादा प्रतिक्रियाएं... शायद लोग सहमत थे। शायद असहमत। शायद कुछ लोगों ने चुप रहना बेहतर समझा। लेकिन कम प्रतिक्रियाओं का अर्थ यह नहीं कि सवाल पहुंचा नहीं। "हर आग धुआं नहीं करती और हर चोट पर चीख सुनाई नहीं देती।" आग लगी है या नहीं, यह बहस का विषय हो सकता है; लेकिन धुआं जरूर दिखाई दे रहा है। और पत्रकारिता को आज इसी धुएं को पहचानने की जरूरत है। क्योंकि जब कलम की जगह सुविधा और सवाल की जगह संपर्क लेने लगे, तो पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं बदलती—उसका चरित्र बदलने लगता है।
आपका अनिल कुमार त्रिपाठी पत्रकार

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles