हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल कुमार बनाए गए महेंद्रगढ़ जिले के प्रभारी

चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल कुमार को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त महेंद्रगढ़ जिले का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह नियुक्ति जिले के विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से की गई है।
25 करोड़ रुपये या अधिक लागत की परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा
संशोधित फीडबैक व्यवस्था के तहत नवनियुक्त प्रभारी अतुल कुमार हर तिमाही निगरानी एवं समन्वय प्रकोष्ठ को अपना फीडबैक सौंपेंगे। वे जिले में चल रही 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की विशेष रूप से समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे जिले में अपराध की स्थिति, जघन्य अपराधों और सतर्कता संबंधी मामलों पर भी पूरी नजर रखेंगे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और जनप्रतिनिधियों से संवाद
अतुल कुमार सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत सेवाएं प्रदान करने की व्यवस्था की प्रभावशीलता के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों के कामकाज की भी समीक्षा करेंगे। वे जिला आबकारी एवं कराधान अधिकारियों के समक्ष कर, GST तथा इससे जुड़े अन्य मामलों में आ रही कठिनाइयों की भी समीक्षा करेंगे। वे उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे और स्वास्थ्य या शिक्षा विभाग से संबंधित किसी महत्वपूर्ण स्थल का दौरा भी कर सकते हैं।