बाबैन क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस और तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया, तिरंगा यात्रा निकाली

बाबैन क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस और तीज का पर्व धूमधाम से मनाया गया, तिरंगा यात्रा निकाली

बाबैन क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस और तीज का पर्व बहुत ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गांव बिन्ट में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा को गांव के सरपंच जसबीर पूनिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा के दौरान स्कूल के विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे गांव में निकले। बच्चों ने भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। बच्चों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

सरपंज जसबीर पूनिया का संदेश

इस अवसर पर सरपंच जसबीर पूनिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि हमारे देशभक्तों के बलिदान, शौर्य, साहस और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर रणजीत सिंह, गुलशन कुमार, रामेश्वर सैनी, सलिंदर कुमार, मेहरबान सहित स्कूल स्टाफ एवं अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आदर्श स्कूल बरगट जट्टान में स्वतंत्रता दिवस समारोह

आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरगट जट्टान में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। विद्यार्थियों, शिक्षकगण और विद्यालय के कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की पिरामिड प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। माइम के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। हरियाणवी सांस्कृतिक प्रस्तुति ने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई। शहीद भगत सिंह के बलिदान पर आधारित भावपूर्ण अभिनय ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। वहीं, दांडी यात्रा के मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता आंदोलन के महत्वपूर्ण अध्याय को जीवंत कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रोबिन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक सोहन लाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान देने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह से मनाया गया तीज व स्वतंत्रता दिवस

भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रो. कैलाशो सैनी द्वारा ध्वजारोहण समारोह से हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय गान गाया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर कैलाशो सैनी ने एक देशभक्त से परिपूर्ण गीत गाकर सभी में देशभक्ति की भावना भरने का प्रयास किया। छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण शामिल थे, जो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को उजागर कर रहे थे। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन भारत सैनी ने देश के युवाओं को सशक्त करने का आह्वान किया ताकि देश को मजबूत और समृद्ध बनाया जा सके।

विद्यालय की प्रिंसिपल सुनीता खन्ना ने सभी को संबोधित करते हुए छात्रों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि निस्संदेह स्वतंत्रता हमें बड़े ही कड़े संघर्ष के बाद बड़ी कठिनाई के साथ प्राप्त हुई है लेकिन इसे बनाए रखना और भी कठिन है। इसलिए हम इसे बरकरार रखने के लिए अपने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं और स्वदेशी अपनाएं अर्थात स्वदेशी खाना खाएं, स्वदेशी पहनें और स्वदेशी वस्तुओं का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि यदि चिकित्सक ईमानदारी से मरीजों की सेवा करें, शिक्षक ईमानदारी से अपने छात्रों को शिक्षा दें और राजनेता ईमानदारी से अपने देश की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास करें, तो हमारा देश विश्व गुरु बन सकता है।

इसके साथ-साथ विद्यालय में तीज का त्यौहार भी बड़ी धूमधाम से मनाया गया। तीज के अवसर पर स्कूल की प्रबंधक कमेटी की प्रधान प्रोफेसर कैलाशो सैनी ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि तीज का त्यौहार केवल एक त्यौहार नहीं है, बल्कि हमारी स्मृति, संस्कृति, परंपराओं और आपसी प्रेम का उत्सव है। सावन की हरियाली, झूले, लोकगीत और महिलाओं की खिलखिलाहट तीज के उत्सव को और भी खास बना देती है। इस अवसर पर महिला स्टाफ ने सावन आया खुशियां लाया की भावना के साथ विद्यालय में झूला झूल कर बड़े उत्साह से इस पर्व को मनाया।

खेड़ा मंदिर परिसर में हवन यज्ञ

खेड़ा मंदिर परिसर में शैड निर्माण पूरा होने पर खेड़ा समिति व गांववासियों के द्वारा गांव की सुख-समृद्धि के लिए हवन यज्ञ किया गया। इस हवन यज्ञ की रस्में विद्वान पंडित बलिन्द्र शर्मा व वीरभान शर्मा द्वारा संपन्न करवाई गई। इस अवसर पर गांव के सरपंच संजीव सिंगला व समस्त ग्रामवासियों और मौजिज लोगों द्वारा आयोजित यज्ञ में आहुतियां डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

Share:

Comments

Leave a comment