बाबरैन मंडी में धान खरीद को लेकर किसान जागरूकता अभियान, अधिकारियों ने दिए सुचारू खरीद के निर्देश

बाबरैन मंडी में धान खरीद को लेकर किसान जागरूकता अभियान, अधिकारियों ने दिए सुचारू खरीद के निर्देश

बाबैन में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से धान की फसल की सरकारी खरीद को लेकर एक विशेष किसान जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर संजीव चौहान ने किसानों और व्यापारियों को धान की बिक्री से संबंधित नियमों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने की। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी धान की फसल मंडी में लाने से पहले उसे अच्छी तरह सुखा लें और सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल की बिक्री के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

धान की बिक्री और खरीद प्रक्रिया के कड़े नियम

मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर संजीव चौहान ने बताया कि मंडी गेट पर प्रवेश के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा अन्य वाहन का फोटोग्राफ लिया जाएगा। इसके साथ ही फसल बिक्री के लिए किसान या उसके अधिकृत प्रतिनिधि का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की सही तौल सुनिश्चित करने के लिए धान सहित अन्य फसलों की तुलाई अब इलेक्ट्रॉनिक वेट स्केल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने किसानों से विशेष रूप से कहा कि वे फसल बेचते समय अपना परिवार पहचान पत्र साथ रखें। साथ ही उन्होंने किसानों से यह भी अपील की कि वे पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करते समय अपने बैंक खाते की जानकारी बिल्कुल सही भरें, ताकि फसल की बिक्री के बाद उसका भुगतान प्राप्त करने में उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अधिकारियों को सख्त निर्देश और सरकार की प्राथमिकताएं

संजीव चौहान ने मार्केट कमेटी एवं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे किसानों की धान की फसल की खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मंडी में फसल बेचने को लेकर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को सरकारी नियमों और निर्धारित गुणवत्ता मानकों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, जिससे खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिनिधि कैलाश सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसलों की सरकारी खरीद को लेकर पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री की पहली प्राथमिकता यही है कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न आए और उन्हें उनकी फसल का भुगतान भी समय पर मिले। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को मंडियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ खरीद प्रक्रिया को भी पूरी तरह सुचारु बना रही है।

मजदूरों के हितों और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

कैलाश सैनी ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल किसानों के साथ-साथ उनके खेतों में काम करने वाले मजदूरों के हितों को लेकर भी पूरी तरह संवेदनशील है। किसान अथवा खेत में काम करने वाले मजदूर की मृत्यु होने या अंग भंग होने की स्थिति में सरकार की ओर से नियमानुसार उचित सहायता एवं मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। इस जागरूकता कार्यक्रम में मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी राममेहर, राजीव सांखलंकी, राजेश वर्मा, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंदर जस्सी, वाईस चेयरमैन जगदीश ढिंगड़ा, मंडी एसोसिएशन के प्रधान विनोद सिंगला, चेयरमैन लाभ सिंह अंटाल, सरपंच संजीव सिंगला, डिम्पल सैनी, शैलर एसोसिएशन के प्रधान परसोतम सैनी, जितेन्द्र गर्ग, हरकेश सैनी, सुख श्याम, उपदेश शर्मा, राजेश, महेश गुप्ता, संदीप कुमार, गमाल सिंह सहित अनाज मंडी एसोसिएशन के तमाम पदाधिकारी, बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment