बाबैन में विज्ञान सेमिनार में दक्ष सैनी ने पाया प्रथम स्थान, कलश वंदन यात्रा और राजीव गांधी जयंती पर हुए कार्यक्रम

बाबैन में विज्ञान सेमिनार में दक्ष सैनी ने पाया प्रथम स्थान, कलश वंदन यात्रा और राजीव गांधी जयंती पर हुए कार्यक्रम

सावित्री बाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बाबैन के विद्यार्थियों ने ब्लॉक स्तरीय विज्ञान सेमिनार में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि, जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस सेमिनार में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार में विद्यालय की ओर से कक्षा 10वीं की श्रेया, निकुंज, कोमल, नमन सैनी तथा हरकीरत कौर और कक्षा 9वीं के वंशम व दक्ष सैनी ने प्रतिभागिता की। विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समझ, ज्ञान एवं प्रस्तुतीकरण क्षमता का प्रदर्शन करते हुए निर्णयों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं के विद्यार्थी दक्ष सैनी ने ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।

विज्ञान सेमिनार में दक्ष सैनी की उपलब्धि

दक्ष सैनी की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। दक्ष सैनी की उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू सैनी, विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रधानाचार्या खुशबू सैनी ने कहा कि विज्ञान आज के समय में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और नई-नई चीजों को समझने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेमिनार विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, तर्क क्षमता और नई चीजें सीखने की जिज्ञासा को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने दक्ष सैनी की उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास से विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। विद्यालय परिवार ने सेमिनार में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की भी सराहना की और उन्हें भविष्य में इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। दक्ष सैनी के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उनके सहपाठियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कलश वंदन यात्रा का आयोजन

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी युक्त कलश वंदन यात्रा का आज बाबैन मंडल के 14 गांवों में आयोजन किया जाएगा। यह कलश वंदन यात्रा बाबैन मंडल के गांव मंगोली जाटान से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होते हुए लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव जोगी माजरा स्थित गुरु रविदास मंदिर में पहुंचकर संपन्न होगी। भाजपा जिला कुरुक्षेत्र के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रमेश सैनी ने बाबैन में कलश वंदन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता, भाईचारे और संत रविदास जी के विचारों का प्रचार-प्रसार करना है।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय के भाव से कार्य कर रही है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए और उसे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले। इसी उद्देश्य से महिलाओं के कल्याण के लिए लाडो लक्ष्मी जैसी महत्वाकांक्षी योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। रमेश सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं तथा जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं लागू की जा रही हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता ऋषिपाल मथाना, गुलशन सैनी, भाजपा मंडल बाबैन के प्रधान विकास शर्मा, महासचिव अनिल टाटकी, भीम बेरथला, मंडल उपाध्यक्ष रिंकू कश्यप, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जसविंदर जस्सी, डिंपल सैनी, सरपंच संजीव सिंगला, पूर्व सरपंच सूर्या सैनी, सीएम एमिनेंट पर्सन चंद्रकांता, सुखजोत कपूर सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत

भाजपा जिला कुरुक्षेत्र का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बाबैन पहुंचने पर रमेश सैनी का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया है। भाजपा महिला मोर्चा जिला कुरुक्षेत्र की महासचिव रीना सैनी के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर रीना सैनी ने कहा कि रमेश सैनी के नेतृत्व में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बाबैन में कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Share:

Comments

Leave a comment