बाबैन अनाजमंडी में भारतीय किसान यूनियन की बैठक, 15 सितंबर से धान खरीद शुरू करने और गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग

बाबैन अनाजमंडी में भारतीय किसान यूनियन की बैठक, 15 सितंबर से धान खरीद शुरू करने और गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग

15 सितंबर से शुरू हो धान की सरकारी खरीद : सुखविंदर भूखड़ी

सुरेश अरोड़ा /बाबैन /10 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की ओर से किसान विश्राम गृह, बाबैन अनाजमंडी में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं और प्रमुख मांगों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाकियू के प्रदेश कोषाध्यक्ष सुखविंदर भूखड़ी ने मुख्य रूप से शिरकत की। इस बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार मंगोली जाटान ने की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कोषाध्यक्ष सुखविंदर भूखड़ी ने कहा कि किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने के भाव में बढ़ोतरी करना शामिल है। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इससे बढ़ती लागत के बीच किसानों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।

ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार मंगोली जाटान ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद गन्ने के मूल्य में अपेक्षाकृत बहुत कम बढ़ोतरी हुई है। जबकि चीनी के दाम 60 रुपये प्रति किलो से अधिक पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू की जानी चाहिए। इससे मंडियों में पहुंचने वाली धान की फसल की समय पर खरीद हो सकेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

रमेश कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू नहीं हुई। तो भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) 16 सितंबर को शाहाबाद में किसानों की महापंचायत आयोजित करने पर मजबूर होगी। बैठक में पूर्व ब्लॉक प्रधान सतबीर सिंह घिसरपड़ी, गुरदयाल सिंह सूरजगढ़, पवन सूरजगढ़, हरपाल मंगोली, हाकम सिंह मंगोली, आर्यम मंगोली, विनोद कुमार, राजेंद्र सिंह मंगोली, मायाराम, सोमनाथ घिसरपड़ी, नरेश कुमार, जय कुमार हमीदपुर सहित अन्य किसान और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment