बादशाहपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, राव नरबीर सिंह बोले- युवा पीढ़ी बलिदानों को हमेशा रखे याद

बादशाहपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, राव नरबीर सिंह बोले- युवा पीढ़ी बलिदानों को हमेशा रखे याद

तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक-राव नरबीर 

राव नरवीर बोले युवा पीढ़ी बलिदानों को हमेशा याद रखे 

तिरंगा यात्रा ने दिया एकता, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बादशाहपुर इलाके में भव्य तिरंगा यात्रा

फतह सिंह उजाला /गुड़गांव /16 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

आजादी के अमृत काल और स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसभा में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अगुवाई में निकाली गई यह यात्रा सेक्टर-47 स्थित सामुदायिक केंद्र से शुरू होकर सर्व समाज की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ साउथ सिटी-2 स्थित एफ ब्लॉक मार्केट में संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित क्षेत्र के पार्षदगण, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदान को गर्व के साथ स्मरण रखे

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने यात्रा की शुरुआत में अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत की संकल्प यात्रा में हमारी युवा पीढ़ी आजादी के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों तथा आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए हमारे वीर सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदान को गर्व के साथ स्मरण रखे, तिरंगा यात्रा का यही मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन राष्ट्र के नाम समर्पित कर दिया। वहीं, आजादी के बाद देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए हमारे वीर सैनिकों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग और शौर्य के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हमारे जीवन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को निरंतर मजबूत करने वाला संकल्प बनना चाहिए।

युवाओं की विकसित भारत के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि आज देश की आधी आबादी युवा शक्ति है। यह युवा शक्ति तिरंगे के मान को ऊंचाइयों के और बड़े शिखर पर लेकर जाए, इसी सोच के साथ हम सभी को आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा आज दुनिया में अपनी प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के दम पर अपनी पहचान बना रहा है। युवाओं के कंधों पर विकसित भारत के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। यदि युवा अपनी ऊर्जा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाएंगे तो भारत की प्रगति की गति और तेज होगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य में सभी की समान भूमिका

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है, जो हमें याद दिलाता है कि हमारा अतीत कितना गौरवशाली रहा है तथा हमारा आने वाला कल कितना विकास से भरा होगा। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराने का माध्यम बन गया है। तिरंगा यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी यह संदेश देती है कि देश की प्रगति और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य में सभी की समान भूमिका है।

हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति का जज्बा

उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने आगे बढ़ रहा है। देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है, युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर तैयार हो रहे हैं तथा भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान दे। उन्होंने कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा मार्ग पर लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। युवाओं और महिलाओं की विशेष भागीदारी ने यात्रा को और अधिक प्रभावशाली बनाया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Share:

Comments

Leave a comment