जींद में पांच दिन बैंकिंग की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे बैंक कर्मी, सौ करोड़ का लेनदेन प्रभावित

जींद में पांच दिन बैंकिंग की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे बैंक कर्मी, सौ करोड़ का लेनदेन प्रभावित

जींद में पांच दिन बैंकिंग की मांग को लेकर बैंक कर्मियों ने शुक्रवार को हड़ताल पर रहकर प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। बैंक कर्मियों के हड़ताल पर रहने के चलते जिलाभर में सौ करोड़ रुपये का लेन-देन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। इस हड़ताल के कारण जिलाभर में 130 से अधिक बैंक शाखाओं पर ताले लटके रहे।

बैंक कर्मियों की इस अचानक हड़ताल के चलते आम उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकतर एटीएम मशीनें खाली रही और लोग कैश के लिए भटकते हुए देखे गए। विभिन्न बैंकों के कर्मचारी शुक्रवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर एसोसिएशन के रीजनल सचिव राकेश सांगवान के नेतृत्व में एक स्थान पर एकत्रित हुए।

राकेश सांगवान ने बैंक कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी हड़ताल की मुख्य मांग पांच दिन बैंकिंग की मांग को पूरा करवाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मांग उनकी कोई नई मांग नहीं है बल्कि साल 2012 से कर्मचारी इसकी लगातार मांग करते आ रहे हैं। साल 2015 में भी सरकार के साथ इस मांग को लेकर प्रमुखता से बातचीत हुई थी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उनकी यह मांग इस बार के वेतन समझौते में भी शामिल है जो एक नवंबर 2022 से लागू है। वेतन समझौते में यह मांग इन प्रिन्सिपल एग्रीड और डॉक्यूमेंटिड है। वेतन समझौते में स्वीकार होने के बावजूद सरकार इस पर उदासीन रवैया अपनाए हुए है। सरकार जानबूझकर उनकी फाइव डे बैंकिंग की मांग को पूरा नहीं कर रही है।

बैंक कर्मियों की इस हड़ताल से मुख्य मांग यही है कि फाइव डे बैंकिंग को जल्द से जल्द लागू किया जाए। इससे बैंक कर्मचारियों का वर्क लाइफ और प्रोफेशनल लाइफ में एक बेहतर संतुलन बना रहेगा। डिजिटल माध्यम और एटीएम माध्यम से तथा मोबाइल बैंकिंग की सभी सुविधाएं ऑनलाइन होने के बाद फाइव डे बैंकिंग बहुत जरूरी हो गई है।

इस नियम को लागू करने पर आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार के अन्य विभागों में फाइव डे वर्किंग नियम पूरी तरह से लागू है। इसी प्रकार बैंकिंग सेक्टर में भी यह नियम बिना किसी देरी के लागू करना चाहिए। लेकिन केंद्र सरकार जानबूझकर उनकी इस जायज मांग को लागू नहीं कर रही है।

जींद के लीड बैंक मैनेजर अनुपम मरांडी ने इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि फाइव डे बैंकिंग की मांग को लेकर जिलेभर के अलग-अलग बैंकों की शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर रहे हैं। इस कारण बैंकों में काफी लेनदेन प्रभावित रहा है। उन्होंने आगे बताया कि आगामी सोमवार से सभी बैंक कर्मचारी अपने काम पर वापस लौट आएंगे। सोमवार से काम पर लौटने के बाद लोगों के सभी जरूरी बैंक संबंधी काम सुचारू रूप से हो पाएंगे।

Share:

Comments

Leave a comment