बराड़ा में अर्चना गुप्ता का भव्य अभिनंदन

बराड़ा में गरजा भाजपा का महिला शक्ति संगठन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य अभिनंदन
रिचा पाहवा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, संगठन विस्तार और जनसेवा को लेकर दिया एकजुटता का संदेश
पूर्ण सिंह /बराड़ा/अम्बाला /04 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के बराड़ा पहुंचने पर शुक्रवार को क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और मुख्यमंत्री नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। समारोह में असीम गोयल मदन चौहान, पूर्व विधायक संतोष सारवान, जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, जिला महामंत्री गोल्डी सैनी, जिला उपाध्यक्ष सतप्रकाश बिजलपुर, मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा, डॉ. कुलदीप शर्मा, मुलाना मार्केट कमेटी अध्यक्ष जसमेर राणा, सरपंच रोहताश राणा, मन्नू पाहवा, कुंवर पाहवा, विदुषी राय, कुसुम चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा ने डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रिचा पाहवा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा में जुटने का आह्वान किया।
रिचा पाहवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ के इस संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएगा। संगठन, सरकार और समाज की सामूहिक भागीदारी से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा अभियान
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का विशेष सेवा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन, त्याग और समर्पण की यात्रा को समर्पित रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुडक़र समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दें। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट किसी न किसी सेवा कार्य के लिए समर्पित करे। अपने मोहल्ले, गांव, वार्ड अथवा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाना, पौधरोपण करना, तालाबों की सफाई करवाना, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अन्य सामाजिक कार्य इस अभियान का हिस्सा बनाए जा सकते हैं। एक माह तक प्रतिदिन 25 मिनट समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निकालकर प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर बड़ा योगदान दे सकता है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि समय की मांग है कि किसान रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ें।
‘हरियाणा सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे कैंप
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसी अवधि में ‘हरियाणा सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ब्लॉक स्तर पर लगाए जाने वाले इन कैंपों में केंद्र और हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी। योजनाओं के पात्र लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेज भी मौके पर लिए जाएंगे, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया सरल बनाई जा सके और पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
‘मजबूत संगठनात्मक आधार से देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा’
बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि भाजपा के मजबूत संगठनात्मक आधार के कारण आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकास को केवल सरकार की जिम्मेदारी न मानकर इसे जनभागीदारी से जोडऩे का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ देश में गरीब, किसान, युवा, व्यापारी और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।