बठिंडा में सनसनीखेज चोरी: श्मशान घाट से मृतक के कृत्रिम घुटने चुरा ले गया कबाड़ बीनने वाला, परिजनों ने पीछा कर दबोचा

बठिंडा में देश की पहली अनोखी एवं सनसनी खेज चोरी की वारदात
श्मशान में भी नहीं छोड़ा मुर्दे को! मृतक के कृत्रिम घुटने निकाल ले गया चोर, परिजनों ने पीछा कर दबोचा
मृतक का बेटा बोला कबाड़ बिनने वाला व्यक्ति छाँटी कर रहा था घुटने
पिता ने तीन दिन पहले सल्फास निगल कर की थी ख़ुदकुशी - बेटा
बठिंडा / परविंदर सिंह /7 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
अटल हिन्द समाचार के अनुसार, बठिंडा के गांव भाई बख्तौर में चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस अनोखी और सनसनीखेज वारदात में एक चोर ने श्मशान घाट से मृत व्यक्ति के कृत्रिम घुटने ही चोरी कर लिए। मृतक के परिजनों ने जब श्मशान पहुंचकर इस घटना को देखा तो उनके होश उड़ गए। थाना कोतफत्ता के एसएचओ हरबंस सिंह ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के बेटे कुलविंदर सिंह ने जानकारी दी कि उनके पिता सुदागर सिंह ने बीते शुक्रवार को खेत में फसल अच्छी न होने और बारिश न होने के कारण तनाव में आकर सल्फास निगल कर खुदकुशी कर ली थी। इसके बाद परिजनों ने उनका गांव के ही श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया था।
कुलविंदर सिंह ने बताया कि रविवार को परिवार के सदस्य श्मशान घाट पहुंचे थे और मृतक की अस्थियां चुनने के बाद अपने घर वापस आ गए थे। कुलविंदर जब किसी कारण से दोबारा श्मशान घाट वापस आए, तो उन्होंने देखा कि जिस जगह पर उनके पिता की चिता को मुख्य अग्नि दी गई थी, उसी जगह पर एक कबाड़ बीनने वाला व्यक्ति उनके पिता की चिता की बची राख की छंटाई कर रहा था और उनके पिता के कृत्रिम घुटने अलग कर रहा था। चोर ने जब परिवार वालों को देखा तो वह वहां से भागने लगा, लेकिन परिजनों ने उसका पीछा करके उसे पकड़ लिया और उससे पूछताछ की।

कुलविंदर ने बताया कि जब परिवार वालों ने पिता की अस्थियां एकत्र की थीं, तब उन्होंने कृत्रिम घुटने वहीं छोड़ दिए थे क्योंकि वे घुटने बदलवाए हुए थे और किसी खास धातु के बने हुए थे। परिजनों ने कबाड़ बीनने वाले व्यक्ति से वे घुटने वापस ले लिए और अब उन्हें अस्थियों के साथ ही रख दिया है। उन्होंने बताया कि जब वे अस्थियों को किरतपुर में जलप्रवाह करने जाएंगे, तब साथ में इन घुटनों को भी पानी में बहा देंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में अभी तक पुलिस के पास कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इस अजीबोगरीब घटना के सामने आने के बाद पूरे गांव में चर्चाओं का माहौल गर्म है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की हदें अब इस स्तर तक पहुंच चुकी हैं कि चोर ने अंतिम संस्कार के बाद भी मृत व्यक्ति को नहीं बख्शा। इस घटना ने श्मशान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
थाना कोतफत्ता के एसएचओ हरबंस सिंह ने बातचीत के दौरान बताया कि पुलिस के पास अभी तक इस संबंध में कोई भी शिकायत नहीं पहुंची है। इसके बावजूद पुलिस इस पूरी घटना की अपने स्तर पर जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से पूरी जानकारी हासिल कर रही है। एसएचओ ने कहा कि यदि मृतक के परिवार की ओर से पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।