बठिंडा में पुलिस सुरक्षा पाने के लिए दो भाइयों ने रची झूठी साजिश, खुद घर पर फिकवाई पानी की बोतल और लगाई आग

पुलिस सुरक्षा लेने की चाहत ले गई जेल-
दो भाईयों ने खुद ही दो लोगों को हायर करके घर पर फिंकवाई पानी की बोतल-
घर अंदर खुद ही पेट्रोल से आग लगाकर बना दी पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना
फेंकने वाला एक एवं फिंकवाने वाला एक आरोपी गिरफ्तार- दो आरोपी फरार
एक फरार आरोपी मलेशिया में तीन माह की सजा काट लौट चुका वापस भारत
बठिंडा/29 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
बठिंडा पुलिस सुरक्षा लेने की चाहत ने दो भाइयों का जेल जाने का रास्ता तय कर दिया है। बुजुर्ग व्यक्तियों की देखभाल के लिए संस्था चलाने वाले दोनों भाइयों हरजीत सिंह एवं रणजीत सिंह निवासी गांव भुच्चो खुर्द को पुलिस सुरक्षा लेने की चाहत इस कदर हुई कि दोनों भाईयों ने खुद ही दो लोगों को हायर करके अपने घर पर रात के समय पानी की बोतल फिंकवा ली और बाद में अपने घर अंदर पेट्रोल से आग लगाकर पेट्रोल बम से हमला होने की सूचना पुलिस को दी। इस मामले का भेद तब खुला जब पुलिस ने बोतल फेंकने वाले एक आरोपी अनमोलप्रीत सिंह को तरनतारन एरिया से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी हरजीत सिंह को भी तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
थाना कैंट के एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि 26 अगस्त रात को पुलिस के पास सूचना प्राप्त हुई कि गांव भुच्चो खुर्द में हरजीत सिंह एवं रणजीत सिंह के घर पर अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल बम फेंक कर हमला किया है। उन्होंने बताया कि उक्त मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी।
सूत्र बतातें है कि इस मामले में पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो पुलिस आरोपी अनमोलप्रीत सिंह तक पहुंच गई। जब पुलिस पकड़े गए आरोपी अनमोलप्रीत से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि दोनों भाईयों ने मिलकर साजिश के तहत उसे एवं उसके साथ अमृतपाल सिंह को हायर किया था कि तुम दोनों ने उनके घर पर पानी की बोतल फेंकना है। सूत्रों ने आगे बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों को तरनतारन से बस जरिए बठिंडा बुलाया गया और बठिंडा में जब आरोपी पहुंचे तो दोनों के साथ हरजीत सिंह या उसका भाई रणजीत सिंह संपर्क में था और फोन काल के जरिए उन्हें लोकेशन बता रहा था।
पकडे गए आरोपी ने खुलासा किया कि उनको उक्त वारदात को अंजाम देने के लिए दो हजार रुपए मिलने थे। पुलिस ने उक्त खुलासा होने के बाद हरजीत सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। जिसने पुलिस पूछताछ में बताया कि हायर किए गए दोनों लोगों ने उनके घर पर पानी की बोतल फेंकी थी, लेकिन उसे पेट्रोल बम बनाकर घटना पेश करने के लिए उन्होंने खुद ही घर अंदर पेट्रोल से आग लगा ली थी। अब पुलिस फरार चल रहे रणजीत सिंह और अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस सुरक्षा हासिल करने के लिए मलेशिया से खुद के फोन पर करवाया धमकी भरा मैसेज
सूत्र बतातें है कि दोनों भाइयों हरजीत सिंह एवं रणजीत सिंह ने पुलिस सुरक्षा हासिल करने के लिए मलेशिया से खुद के मोबाईल फोन पर किसी व्यक्ति से धमकी भरा मैसेज भी सेंड करवाया था। लेकिन पुलिस ने उस संदेश की जांच शुरू कर दी थी, लेकिन दोनों भाइयों को किसी कारण सुरक्षा नहीं मिली थी।
सुरक्षा लेने के लिए दोनों भाइयों ने अदालत में भी याचिका दायर की थी लेकिन अदालत ने डिस्पोज ऑफ कर दी
सूत्र बतातें है कि दोनों भाइयों हरजीत सिंह एवं रणजीत सिंह ने पुलिस सुरक्षा लेने के लिए हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की थी। लेकिन अदालत ने भी दोनों भाईयों की इस याचिका को खारिज कर दिया था।
जब दोनों हथकंडों से नहीं बनी बात तो रची साजिश
सूत्र बतातें है कि जब दोनों भाइयों रणजीत सिंह एवं हरजीत सिंह द्वारा पुलिस सुरक्षा लेने के लिए अपनाए गए दोनों हथकंडों से बात नहीं बनी तो दोनों ने साजिश रची कि दो लोग हायर करके उनसे पानी की बोतल घर में फिंकवा लेते है, फिर घर में ही पेट्रोल से खुद आग लगाकर पेट्रोल बम से हमला होने संबंधी पुलिस को सूचना देगें। लेकिन यह साजिश भी कामयाब ना हो सकी, परंतु दोनों भाइयों के जेल जाने का रास्ता तय हो गया।