–
बठिंडा/26 अप्रैल ;/अटल हिन्द संवाददाता
शहर के पाश और सुरक्षित माने जाने वाले माडल टाउन फेस वन में स्थित काली माता मंदिर से बीते शनिवार की सुबह कार सवार कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक युवक और युवती का दिन-दहाड़े अपहरण करने का मामला सामने आया है। अपहरण से पहले आरोपितों ने पीड़ित युवक व युवती के साथ मारपीट भी की। पुलिस लाइन और डीएसपी दफ्तर के बिल्कुल पास हुई इस वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल है। वहीं अपहरण करने की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई थाना सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात लोगों पर अपहरण करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक व युवती की आपस में दोस्ती बताई जा रही है, जोकि बठिंडा जिले के रहने वाले है। बताया यह भी जा रहा है कि उनसे मारपीट करने व उन्हें अपने साथ जबरदस्ती लेकर जाने वाले दोनों के परिवार वाले ही है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
जानकारी अनुसार घटना शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच की है। पीड़ित युवक व युवती मानसा ओवरब्रिज के नीचे माडल टाउन फेस वन में स्थित काली माता मंदिर में माथा टेकने आए थे। तभी एक कार में सवार होकर आए 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपितों ने पहले दोनों की पिटाई की और फिर जबरन कार में डालकर अपने साथ लेकर फरार हो गए।
इस मामले में थाना सिविल लाइन के जांच अधिकारी एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर मिली सूचना के बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुखबरी के आधार पर 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस मंदिर और आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि आरोपितों और वारदात में इस्तेमाल हुई कार की पहचान की जा सके। उन्होंने दावा किया कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और युवक-युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
बता दें कि जहां यह वारदात हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर डीएसपी सिटी-1 का दफ्तर और पुलिस लाइन स्थित है। इतने सुरक्षित इलाके में दिन-दहाड़े अपहरण जैसी गंभीर वारदात होना पुलिस प्रशासन की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। चाहे यह मामला आपसी रंजिश का हो या किसी आपराधिक गिरोह का, लेकिन पुलिस की नाक के नीचे से इस तरह अपहरण होना आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाता है।


