23 अगस्त को बावल में होगी समरसता संकल्प रैली, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने की ऐतिहासिक बनाने की अपील

पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि आगामी 23 अगस्त को बावल की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले संत गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं। इस राज्य स्तरीय रैली में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायाब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
गांवों का दौरा और जनसंपर्क
कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में डॉ. बनवारी लाल ने गांव जैतडावास, जाटुवास सहित बावल विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद साधा और उन्हें रैली का निमंत्रण दिया। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि बावल क्षेत्र के हर गांव और हर चौपाल से उन्हें हमेशा अपार जनसमर्थन और आशीर्वाद मिला है।
पारिवारिक और दिल से दिल का रिश्ता
बावल की देवतुल्य जनता के साथ उनका संबंध कोई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक व दिल से दिल का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सिर पर हाथ, माताओं के दुलार और युवाओं के असीम उत्साह ने बावल के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के संकल्प को हमेशा और मजबूत किया है। डॉ. बनवारी लाल ने जोर देते हुए कहा कि संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज को एकजुटता, समानता और भाईचारे का संदेश देती हैं।
ऐतिहासिक होगा कार्यक्रम
इस समरसता संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की डोर को और मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी की उपस्थिति में यह कार्यक्रम बावल के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगा। पूर्व मंत्री ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि 23 अगस्त को सुबह 11:00 बजे नई अनाज मंडी, बावल में भारी से भारी संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय दें और संत गुरु रविदास जी के विचारों व समरसता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं। इस अवसर पर उनके साथ क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति व स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।