जाखल के गांव शक्करपुरा में निकाली गई बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली

गांव शक्करपुरा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को किया जागरूक
योगेश खनेजा /जाखल मंडी /20 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गांव शक्करपुरा में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी कविता रानी एवं महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी स्नेह लता के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बेटियों के महत्व, उनके अधिकारों तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुपरवाइजर मनीषा रानी की देखरेख में किया गया।
इस अवसर पर सुपरवाइजर मनीषा रानी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटियों को समान अधिकार, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि गांव शक्करपुरा में जनवरी से जुलाई माह तक जन्म के समय लिंगानुपात 1500 रहा है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने गांव के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह ग्रामीणों की बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और जागरूकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। आज बेटियां शिक्षा, खेल, प्रशासन, चिकित्सा, विज्ञान सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इसलिए समाज को बेटियों के जन्म का स्वागत करते हुए उन्हें बेटों के समान शिक्षा, अवसर और सम्मान देना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि बेटी के जन्म को खुशी के रूप में मनाएं और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा दें।
सुपरवाइजर मनीषा रानी ने ग्रामीणों को पीसीपीएनडीटी एक्ट के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भ्रूण के लिंग की जांच करवाना तथा लिंग के आधार पर गर्भपात करवाना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गर्भपात अथवा लिंग जांच की जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग या संबंधित विभाग को उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास लिंग जांच या कन्या भ्रूण हत्या से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो वह बिना किसी भय के विभाग को सूचित करे, ताकि ऐसे मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
रैली के दौरान महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ से संबंधित संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उपस्थित महिलाओ ने बेटियों के संरक्षण, शिक्षा और समान अधिकारों को बढ़ावा देने तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी लिया।