जिला परिषद भिवानी से जिलेभर में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से होंगे विकास कार्य, चेयरपर्सन अनिता मलिक ने दी जानकारी

जिला परिषद भिवानी से जिलेभर में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से होंगे विकास कार्य, चेयरपर्सन अनिता मलिक ने दी जानकारी

भिवानी जिले में जिला परिषद की ओर से विकास कार्यों की शुरुआत की जा रही है। जिलेभर में आगामी समय में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत के विकास कार्य जल्द करवाए जाएंगे। इन विकास कार्यों का पूरी तरह से खाका तैयार कर लिया गया है और इन्हें जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।

तोशाम क्षेत्र से 20 अगस्त को विष्णु दत्त शास्त्री की रिपोर्ट के अनुसार, जिला परिषद भिवानी की चेयरपर्सन अनिता मलिक ने यह जानकारी दी है। अनिता मलिक ने कहा कि वह बातों में विश्वास नहीं रखती बल्कि धरातल पर कार्य करने में विश्वास रखती हैं। उनका कहना था कि जिला परिषद के द्वारा जिलेभर में निरंतर समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। पहले भी करोड़ों रुपए की राशि के विकास कार्य जिलेभर में जिला परिषद कोटे से हो चुके हैं और करोड़ों रुपए की राशि के विकास कार्य प्रगति पर हैं। अब करोड़ों रुपए राशि की लागत से होने वाले विकास कार्य का खाका तैयार कर लिया गया है जिन्हें जल्द आमजन की सुख सुविधा के लिए करवाया जाएगा। जिसके तहत जिलेभर में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत राशि से विकास कार्य होंगे।

विपक्ष पर साधा निशाना

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अनिता मलिक ने विपक्ष की भाजपा नेत्रियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि तोशाम हल्के की जनप्रतिनिधि हर बार जनता से बहाने लगाकर वोट लेती हैं। वे कभी मोटी कलम आने का बहाना लगाती हैं और कभी सरकार में न चलने का बहाना लगाती हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को बहाने लगाने की बजाय आमजन की सुख सुविधा के लिए समान रूप से विकास कार्य करवाने चाहिए। जनता उनकी सब सच्चाई जान चुकी है और अब केवल बहानों से काम नहीं चलने वाला है। जनता के हित के लिए धरातल पर विकास कार्य करवाने होंगे जिससे आमजन को लाभ मिले।

कहां कितने रुपए से होंगे विकास कार्य

अनिता मलिक ने बताया कि जिला परिषद भिवानी की तरफ से आगामी समय में 5 करोड़ रुपए की राशि से होने वाले विकास कार्यों की पूरी सूची तैयार है। इसके तहत गांव तिगड़ाना में करीबन 18 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे। बवानी खेड़ा के गांव बड़सी जाटान व बड़सी गुजरान में करीबन 29 लाख 80 हजार रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे। पुर गांव के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर भवन में 15 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य किए जाएंगे। जमालपुर के रविदास भवन में करीबन 13 लाख 30 हजार रुपए की राशि के विकास कार्य होंगे। तोशाम हल्के के गांव दांग कलां में करीबन 14 लाख 50 हजार रुपए की राशि से लाइब्रेरी का निर्माण होगा। गांव आलमपुर में 1 लाख 70 हजार रुपए, गांव खावा में 6 लाख 60 हजार रुपए, गांव बागनवाला में 2 लाख 70 हजार रुपए और गांव रिवासा में करीबन 6 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे।

सिवानी के गांव गढ़वा में 1 लाख 70 हजार रुपए की राशि खर्च होगी। गांव सिवाच में सीएचसी के सामने शैड निर्माण में 5 लाख 50 हजार रुपए लगाए जाएंगे। गांव रुपाणा के शिव धाम में शैड निर्माण के लिए करीबन 6 लाख 76 हजार रुपए दिए जाएंगे। गांव बडवा में स्वागत द्वार, रास्ता निर्माण, और शिव धाम में शैड निर्माण आदि सहित कुल करीबन 26 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसी कड़ी में जिले के गांव बामला, बहल के मंढोली कलां, शहरियार पुर, लोहारु के कुडल, गांव मिठ्ठी, झुम्पा कलां, सैनीवास, घंगाला, देवसर, कैरू के गांव देवराला, लेघा, हेतमपुरा, कैरू, तोशाम के गांव पटौदी कलां, ढाणी माहू, निगाना कलां, थिलोड, बुशान, रिवासा, भेरा, तोशाम तथा बवानी खेड़ा के गांव जमालपुर, ढाणी किरावड छान्या आदि गांव में कुल 5 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे।

पार्षदों ने की सराहना

इस दौरान जिला पार्षद नरेंद्र देवराला, राजा पार्षद, रूपेंद्र पार्षद, महेंद्र शर्मा कुडल आदि पार्षदों ने अपने विचार रखे। पार्षदों ने कहा कि जिला परिषद कोटे से चेयरपर्सन अनिता मलिक के नेतृत्व में भिवानी जिले में समान रूप से भरपूर विकास कार्य हो रहे हैं। जिलेभर में जिला परिषद द्वारा विकास कार्यों रूपी गंगा निरंतर बह रही है। जिसका भरपूर लाभ आमजन को मिल रहा है और विभिन्न विकास कार्य निरंतर जारी हैं।

Share:

Comments

Leave a comment