राष्ट्रगान अवमानना मामला- कांग्रेस के खिलाफ हुगली में भाजयूमो का जोरदार प्रदर्शन

हुगली /16 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
राष्ट्रगान के कथित अपमान के विरोध में रविवार शाम को हुगली के रिषड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से प्रतिवाद रैली निकाली गई। भाजयुमो श्रीरामपुर मंडल चार और पांच के संयुक्त तत्वावधान में यह रैली निकाली गई। इस रैली के दौरान ‘राष्ट्रगान का अपमान नहीं सहेंगे हिन्दुस्तान’ समेत विभिन्न राष्ट्रवादी नारों से रिषड़ा का एनएस रोड इलाका गूंज उठा। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के ध्वजारोहण कार्यक्रम में राष्ट्रगान के अपमान के आरोप सामने आने के बाद देशभर में आक्रोश देखा गया है। उसी कांग्रेस के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है। राष्ट्रगान के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल की प्रतिक्रियाओं को लेकर भी राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है।
रैली में शामिल हुए भाजपा और भाजयुमो के कई प्रमुख नेता
इस रैली में भाजपा नेता मनोज सिंह और राकेश सिंह शामिल हुए। इसके अलावा श्रीरामपुर मंडल चार के भाजपा अध्यक्ष संतोष सिंह भी इस रैली में उपस्थित रहे। भाजयुमो नेता प्रिंस चौबे और सत्येंद्र सिंह तथा संतोष मंडल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस रैली में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर मार्च किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के सम्मान और राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा बनाए रखने की मांग उठाई।
राष्ट्रगान देश की एकता और सम्मान का प्रतीक
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगान देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। इसके अपमान की किसी भी घटना को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि यह रैली किसी राजनीतिक विवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नहीं है। यह रैली राष्ट्रगान के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ आयोजित की गई है।
लोगों की आवाजाही रही प्रभावित और स्थानीय लोग हुए शामिल
रैली के दौरान एनएस रोड और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी इस रैली में शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रैली में शामिल नेताओं ने कहा कि देश के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्रगान की गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने लगातार नारे लगाते हुए राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।