ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा खड़खड़ी में वृक्षारोपण और ग्रामीण सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श

पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अंचल के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम खड़खड़ी में डिवाइन लाइफ फैमिली ट्रस्ट के प्रांगण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में आसपास के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों, प्रबुद्ध जनों और संस्थान के सदस्यों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। आयोजन के दौरान जहां पर्यावरण को सहेजने के लिए सामूहिक वृक्षारोपण किया गया, वहीं ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
राजयोगिनी राज दीदी का संबोधन
कार्यक्रम में अध्यक्षीय संबोधन देते हुए दिल्ली प्रभाग की क्षेत्रीय अध्यक्षा राजयोगिनी राज दीदी ने कहा कि देश की आत्मा गांवों में ही निवास करती है। जब गांव और वहां के नागरिक स्वस्थ व सुदृढ़ होंगे, तो पूरा राष्ट्र स्वतः ही प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। उन्होंने देश की किसानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि अन्नदाता का हर दृष्टिकोण से सशक्त होना अनिवार्य है। इसी उद्देश्य के साथ ब्रह्माकुमारीज़ का कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग देश भर में अनेक गांवों को गोद लेकर उनके कायाकल्प में जुटा है। नशा मुक्ति, स्वच्छता अभियान और रासायनिक जहर से मुक्त यौगिक खेती हमारे इस अभियान के मुख्य स्तंभ हैं।
ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और कार्य योजना
इस विशेष समागम में खड़खड़ी के साथ-साथ निकटवर्ती गांवों ततारपुर, जमालपुर, मोकलवास और बासलंबी के ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रबुद्ध जनों और प्रतिनिधियों ने गांव के सामाजिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय उत्थान के लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की, जिस पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की गई।
वक्ताओं के द्वारा विचार साझा और संचालन
समारोह में विभिन्न सेवा केंद्रों की प्रभारियों एवं प्रमुख वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। इनमें सोनीपत से बीके रामदेवी, बागपत से बीके गीता, बुलंदशहर से बीके शिल्पा, बड़ौद से बीके राजवीर और दिल्ली नरेला से बीके ओमप्रकाश प्रमुख रहे। वहीं स्थानीय स्तर पर खड़खड़ी के नंबरदार रतिराम भाई, हंसराज, शानदेव यादव एवं सुशील यादव ने गांव के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग के सदस्य तथा डिवाइन फैमिली ट्रस्ट के प्रमुख सत्यवीर सिंह यादव ने किया।