रोहतक में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह बोले- देश की जनता व विपक्ष के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी

Team Atal Hind11 August 20262 min read15 viewsरोहतक
रोहतक में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह बोले- देश की जनता व विपक्ष के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी

पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने संसद के 22 दिन से चल रहे सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता व विपक्ष के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देना चाहती। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र-युवाओं पर लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद में इस मामले को लेकर सवाल पूछा, लेकिन सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से हिली हुई है।

लाठीचार्ज के आदेश पर सरकार स्पष्ट करे स्थिति

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उन्होंने सवाल किया कि लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। सरकार को संसद में इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह मंगलवार को रोहतक में अपने आवास स्थान नीली कोठी पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बृजेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की संसद में मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक भी दिन संसद में नहीं पहुंचे हैं और गृहमंत्री अमित शाह भी नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।

भाजपा को पहले अपने घर की स्थिति देखनी चाहिए

भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा को पहले अपने घर की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में भाजपा के विधायक नदारद दिखाई दिए, तो इसे गुटबाजी नहीं तो और क्या कहा जाए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कांग्रेस में हाथ मिल रहे हैं, दिल मिले या न मिले, लेकिन भाजपा में तो हाथ भी नहीं मिल रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि सद्भावना यात्रा के बाद अब जल्द ही पूरे प्रदेश के प्रत्येक जिले में धन्यवाद दौरा शुरू किया जाएगा। इस दौरान यात्रा से जुड़े लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया जाएगा। इसके बाद प्रदेश की हर विधानसभा में जाकर लोगों से संपर्क साधा जाएगा, ताकि पार्टी के साथ नए लोगों को जोड़ा जा सके। बीस अगस्त को हिसार में कार्यक्रम भी होगा।

सिरसा विधायक गोकुल सेतिया के बयान पर दी प्रतिक्रिया

सिरसा विधायक गोकुल सेतिया के बयान पर भी पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति से वह केवल एक बार मिले हैं, उसके बारे में जवाब देने का कोई मतलब नहीं है। पार्टी को ऐसे नेताओं के बयानों पर कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि इस तरह के बयानों से आम लोगों में गलत संदेश जाता है। यह जानकारी हिन्दुस्थान समाचार के माध्यम से सामने आई है।

Share:

Comments

Leave a comment